मध्य प्रदेश की सबसे युवा बीजेपी विधायक प्रियंका पेंची ने अपने ही जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) अंकित सोनी पर मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। विधायक ने सीएम मोहन यादव को पत्र लिखकर पुलिसकर्मियों के तबादले में अनदेखी और अनसुनी किए जाने की बात कही है। यह पत्र अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे गुना जिले की सियासत में हलचल मच गई है।
तबादलों को लेकर नाराज विधायक, SP पर लगाए आरोप
गुना जिले की चाचौड़ा विधानसभा सीट से विधायक प्रियंका पेंची ने आरोप लगाया है कि पुलिस अधीक्षक ने उनकी बातों को पूरी तरह नजरअंदाज किया और जानबूझकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। विधायक का कहना है कि उनके क्षेत्र के थानों में ट्रांसफर-पोस्टिंग बिना किसी परामर्श के कर दी गई, जबकि उन्हें बार-बार दरकिनार किया गया।
कई थाना प्रभारियों का तबादला, विधायक को नहीं दी गई जानकारी
SP अंकित सोनी द्वारा जारी तबादला सूची में चाचौड़ा, कुंभराज और मृगवास थानों के टीआई बदले गए। चाचौड़ा टीआई मछलू सिंह मंडेलिया को गुना लाइन भेजा गया, जबकि अन्य थानों के प्रभारियों को भी स्थानांतरित किया गया। इन सभी थानों की निगरानी प्रियंका पेंची के विधानसभा क्षेत्र में आती है। इसी को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई।
सीएम और आईजी को फोन, अब पत्र भी वायरल
प्रियंका पेंची ने न केवल मुख्यमंत्री मोहन यादव को फोन किया, बल्कि ग्वालियर रेंज के आईजी को भी मामले की जानकारी दी। 29 मई को उन्होंने एक लिखित पत्र सीएम को भेजा, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। विधायक का कहना है कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी बात रखना उनका अधिकार है।
SP बोले- विधायक की बात पर ही हटाया गया टीआई
मामले पर SP अंकित सोनी का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि चाचौड़ा टीआई को विधायक की ही मांग पर हटाया गया था। वहीं कुंभराज टीआई का तबादला निरस्त किया जा चुका है। उनका कहना है कि जामनेर और मकसूदनगढ़ थानों में कोई ट्रांसफर नहीं किया गया है। हालांकि, विधायक और पुलिस प्रशासन के बीच इस टकराव ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।
कौन हैं प्रियंका पेंची?
प्रियंका पेंची बीजेपी की सबसे युवा विधायक हैं, जिन्होंने 2023 में कांग्रेस के दिग्गज लक्ष्मण सिंह को हराकर चाचौड़ा सीट पर जीत दर्ज की थी। उनके पति प्रद्युम्न मीणा एक IRS अधिकारी हैं। प्रियंका 2021 से राजनीति में सक्रिय हैं और भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हुई हैं।