President House Invitation: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के लटेरी कस्बे से ताल्लुक रखने वाले 22 वर्षीय अभिषेक सुमन को देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए आमंत्रित किया है। यह आमंत्रण न केवल अभिषेक के लिए, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। अभिषेक की देशभक्ति, राष्ट्रवाद और कृषि क्षेत्र में दिए गए अहम सुझावों के चलते उन्हें यह विशेष सम्मान मिला है। 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में होने वाले समारोह में वे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
राष्ट्रपति भवन से आया आमंत्रण
लटेरी के निवासी अभिषेक सुमन को राष्ट्रपति भवन से एक औपचारिक पत्र के माध्यम से 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। शनिवार को विदिशा डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद लटेरी पहुंचकर यह आमंत्रण पत्र उन्हें सौंपा। यह पल पूरे गांव और जिले के लिए सम्मान और गौरव का क्षण बन गया।
पीएम मोदी से मुलाकात बनी टर्निंग पॉइंट
अभिषेक ने बताया कि 12 जनवरी को दिल्ली में आयोजित युवा दिवस कार्यक्रम में उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का अवसर मिला था। देशभर से 20 युवाओं को चुना गया था, जिनमें वे भी शामिल थे। इस दौरान उन्होंने कृषि क्षेत्र में सुधार और उत्पादन बढ़ाने को लेकर कई अहम सुझाव रखे, जिन्हें सराहना मिली। यही क्षण उनके जीवन का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
राष्ट्रवाद और भाषण कला से बनाई पहचान
अभिषेक ने बताया कि छात्र जीवन से ही वे देशहित, राष्ट्रवाद और सामाजिक सरोकारों पर आधारित वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में उन्होंने प्रभावशाली भाषण देकर अपनी पहचान बनाई। उनके विचारों और भाषणों ने देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित किया है। संभवतः इन्हीं कार्यों को ध्यान में रखते हुए उन्हें राष्ट्रपति भवन में आमंत्रित किया गया है।
गांव से राष्ट्रपति भवन तक का सफर
अभिषेक का यह सफर न केवल उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि यह संदेश भी है कि गांव का एक साधारण युवक भी राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाकर सर्वोच्च स्तर पर पहचान बना सकता है। यह अवसर युवाओं को प्रेरित करने वाला है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं।