मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 की मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए अब मुख्य परीक्षा अगस्त में आयोजित होगी। करीब 4 हजार उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होंगे। हालांकि परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के साथ अभ्यर्थियों के सामने एक नई चुनौती भी खड़ी हो गई है, क्योंकि परीक्षा की कुछ तारीखें UPSC मुख्य परीक्षा से टकरा रही हैं।
17 अगस्त से शुरू होगी मुख्य परीक्षा
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्य परीक्षा 17 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा प्रदेश के विभिन्न शहरों में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए कुल 158 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।
मुख्य परीक्षा में होंगे छह प्रश्नपत्र
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा में कुल छह पेपर रखे गए हैं। इनमें चार प्रश्नपत्र सामान्य अध्ययन से जुड़े होंगे, जबकि दो पेपर हिंदी और निबंध लेखन पर आधारित रहेंगे। परीक्षा को निर्धारित समयानुसार अलग-अलग सत्रों में आयोजित किया जाएगा।
इन शहरों में होंगे परीक्षा केंद्र
मुख्य परीक्षा के लिए प्रदेश के 12 शहरों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसमें इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, सागर, सतना, शहडोल, रतलाम, छिंदवाड़ा, बालाघाट और बड़वानी शामिल हैं। आयोग ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।
आवेदन और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी
मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए सफल अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। आवेदन प्रक्रिया 25 जून से शुरू होगी। वहीं अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन में सुधार भी कर सकेंगे। परीक्षा के एडमिट कार्ड अगस्त महीने में ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे।
UPSC अभ्यर्थियों के सामने बढ़ी चुनौती
इस बार परीक्षा कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि मुख्य परीक्षा की कुछ तारीखें UPSC मुख्य परीक्षा से मेल खा रही हैं। ऐसे में ऐसे उम्मीदवार जो दोनों परीक्षाओं में शामिल हो रहे हैं, उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इस स्थिति को लेकर आयोग ने आवेदन मिलने पर विचार करने की बात कही है।