मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी डिजिटल सुविधा शुरू की है। आयोग ने अपना आधिकारिक मोबाइल एप लॉन्च कर दिया है, जिसके जरिए भर्ती से लेकर परीक्षा परिणाम तक की सभी महत्वपूर्ण जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। एप का उद्देश्य अभ्यर्थियों को समय पर आधिकारिक सूचना उपलब्ध कराना और भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल एवं सुविधाजनक बनाना है।
एक ही एप पर मिलेगी भर्ती से जुड़ी हर जानकारी
एमपीपीएससी द्वारा लॉन्च किए गए आधिकारिक मोबाइल एप के माध्यम से अभ्यर्थियों को नई भर्तियों के विज्ञापन, परीक्षा कैलेंडर, एडमिट कार्ड, इंटरव्यू कॉल लेटर, परीक्षा परिणाम, अंकसूची, मॉडल उत्तर (आंसर-की) और रिस्पॉन्स शीट जैसी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी। इससे अलग-अलग वेबसाइट या पोर्टल पर जानकारी तलाशने की आवश्यकता नहीं होगी।
एमपी ऑनलाइन से भी जोड़ा गया एप
आयोग ने इस एप को एमपी ऑनलाइन से भी एकीकृत किया है। इसके माध्यम से उम्मीदवार सीधे ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया तक पहुंच सकेंगे। आवेदन लिंक, आवश्यक दिशा-निर्देश और अन्य ऑनलाइन सेवाएं भी इसी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेंगी, जिससे आवेदन प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान और व्यवस्थित हो जाएगी।
लाखों अभ्यर्थियों को मिलेगा सीधा लाभ
हर वर्ष राज्य सेवा परीक्षा, राज्य वन सेवा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, सहायक प्राध्यापक सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होते हैं। नए मोबाइल एप के माध्यम से सभी आवश्यक सूचनाएं समय पर उपलब्ध होने से उम्मीदवारों का समय बचेगा और उन्हें केवल आधिकारिक जानकारी ही प्राप्त होगी। इससे भ्रम और फर्जी सूचनाओं की संभावना भी कम होगी।
एंड्रॉयड और iOS दोनों पर उपलब्ध
एमपीपीएससी का आधिकारिक मोबाइल एप एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। आयोग का मानना है कि यह पहल भर्ती प्रक्रिया को अधिक अभ्यर्थी-केंद्रित बनाएगी और उम्मीदवारों को परीक्षा से जुड़ी प्रत्येक जानकारी मोबाइल पर ही उपलब्ध कराएगी।
एप में मिलेंगी ये प्रमुख सुविधाएं
भर्ती विज्ञापन एवं नोटिफिकेशन
परीक्षा कैलेंडर
एडमिट कार्ड डाउनलोड
इंटरव्यू कॉल लेटर
परीक्षा परिणाम और अंकसूची
मॉडल उत्तर (Answer Key) एवं रिस्पॉन्स शीट
MP Online के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन
भर्ती से जुड़े सभी जरूरी निर्देश और अपडेट