महेंद्र सिंह धोनी ने अपने फैमिली ऑफिस Midas Deals के जरिए SolarSquare में निवेश किया है। हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया है कि धोनी ने कितनी राशि निवेश की है। कंपनी का कहना है कि धोनी का जुड़ना भारत के तेजी से बढ़ते रूफटॉप सोलर बाजार पर उनके भरोसे को दिखाता है।
510 करोड़ रुपये की फंडिंग का हिस्सा
धोनी का निवेश कंपनी के 53 मिलियन डॉलर (करीब 510 करोड़ रुपये) के Series C फंडिंग राउंड का हिस्सा है। इस राउंड की अगुवाई Lightspeed ने की है। इसके अलावा Lowercarbon Capital, Rainmatter और Good Capital ने भी कंपनी में निवेश किया है।
अब कई नए शहरों में होगा विस्तार
नई फंडिंग के जरिए SolarSquare अगले चरण में 30 से 40 नए शहरों में कारोबार बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म मजबूत करने, ग्राहकों के लिए आसान फाइनेंसिंग, बेहतर आफ्टर-सेल्स सर्विस और नई भर्तियों पर भी निवेश करेगी।
ये भी पढ़ें : भोगपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट का 1 अगस्त को उद्घाटन, PM Modi को न्योता देने Delhi पहुंचे Chandrababu Naidu
50 हजार से ज्यादा घरों तक पहुंच
साल 2015 में शुरू हुई SolarSquare ने पहले कमर्शियल और इंडस्ट्रियल सेक्टर में काम किया। 2021 से कंपनी ने घरेलू रूफटॉप सोलर बाजार में कदम रखा। कंपनी का दावा है कि वह अब तक 29 शहरों में 50,000 से ज्यादा घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगा चुकी है। अब तक कंपनी 100 मिलियन डॉलर से अधिक की फंडिंग जुटा चुकी है।
भारत में तेजी से बढ़ रहा सोलर बाजार
बढ़ती बिजली कीमतों, सरकारी सब्सिडी और स्वच्छ ऊर्जा की मांग के चलते भारत में रूफटॉप सोलर बाजार तेजी से बढ़ रहा है। कंपनी का अनुमान है कि देश में करीब 7 करोड़ घर ऐसे हैं, जहां रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा सकते हैं। वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि 2030 तक भारत का क्लीनटेक बाजार 152 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।
2026 में धोनी का तीसरा स्टार्टअप निवेश
SolarSquare में निवेश के साथ 2026 में यह महेंद्र सिंह धोनी का तीसरा स्टार्टअप निवेश बन गया है। इससे पहले वह Kuku और LightFury Games में निवेश कर चुके हैं। हाल के समय में कई भारतीय क्रिकेटर भी स्टार्टअप्स में निवेश कर रहे हैं, जिससे खेल के साथ-साथ कारोबार में भी उनकी सक्रिय भागीदारी बढ़ती दिखाई दे रही है।