महेंद्र सिंह धोनी भले ही आईपीएल 2026 में मैदान पर एक भी मैच खेलते नजर नहीं आए, लेकिन उनके भविष्य को लेकर चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है. चेपॉक में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के बाद सुरेश रैना ने धोनी के साथ हुई एक खास बातचीत का खुलासा किया. इस बातचीत के बाद फैंस के बीच यह सवाल फिर उठ गया है कि क्या धोनी आईपीएल 2027 में वापसी करेंगे.
रैना ने सुनाई खास बातचीत
मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए सुरेश रैना ने बताया कि उन्होंने मजाकिया अंदाज में धोनी से कहा कि आपने आईपीएल 2026 को सिर्फ मिस्ड कॉल दिया है, यह सीजन गिना नहीं जाएगा और आपको अगले साल वापस आना ही होगा. इस पर धोनी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि उनकी बॉडी अब थोड़ी कमजोर हो गई है. हालांकि रैना ने कहा कि फैंस अभी धोनी की विदाई मानने को तैयार नहीं हैं.
पूरा सीजन मैदान से दूर रहे माही
44 साल के धोनी इस पूरे सीजन एक भी मुकाबले में नहीं खेल सके. कभी घुटने की परेशानी तो कभी मांसपेशियों से जुड़ी समस्या के कारण वह लगातार टीम से बाहर रहे. यहां तक कि इम्पैक्ट खिलाड़ी के रूप में भी उन्हें मौका नहीं मिला. हालांकि टीम के साथ उनकी मौजूदगी लगातार बनी रही और युवा खिलाड़ियों के बीच उनका प्रभाव पहले जैसा ही दिखा.
फ्लेमिंग ने भी माना बड़ा असर
सीएसके के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने भी माना कि चोटों ने टीम के अभियान को प्रभावित किया. उन्होंने कहा कि धोनी ने भले मैदान पर कदम नहीं रखा लेकिन ड्रेसिंग रूम और टीम के माहौल में उनकी भूमिका काफी अहम रही. फ्लेमिंग के अनुसार युवा खिलाड़ियों के लिए धोनी का साथ टीम की सबसे बड़ी ताकतों में से एक रहा.
इसे भी पढ़ें : ऑरेंज कैप पर Klaasen का कब्जा, इंटरनेशनल क्रिकेट छोड़ा, लेकिन IPL में मचा रहे तहलका
प्लेऑफ की जंग में फंसी सीएसके
सनराइजर्स हैदराबाद से हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है. टीम अभी पूरी तरह बाहर नहीं हुई है लेकिन अब प्लेऑफ की राह काफी मुश्किल हो गई है. गुजरात टाइटंस के खिलाफ अगला मुकाबला टीम के लिए करो या मरो जैसा माना जा रहा है. अब फैंस की नजर सिर्फ सीएसके की जीत पर नहीं बल्कि धोनी के अगले फैसले पर भी टिकी हुई है.