टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत की शानदार जीत के बाद पूर्व कप्तान एमएस धोनी का एक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल बन गया। इसी बीच लंबे समय बाद धोनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर टीम इंडिया को बधाई दी, जिसे फैंस ने काफी पसंद किया।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया संदेश
फाइनल मुकाबले के दौरान एमएस धोनी स्टेडियम में मौजूद थे और वीआईपी बॉक्स में मैच देखते हुए नजर आए। जीत के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए टीम इंडिया, सपोर्ट स्टाफ और दुनियाभर के भारतीय फैंस को बधाई दी। धोनी ने लिखा कि अहमदाबाद में इतिहास रचा गया और भारतीय टीम को खेलते हुए देखना बेहद शानदार अनुभव रहा। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का पल है।
गौतम गंभीर के लिए मजेदार टिप्पणी
धोनी ने अपने पोस्ट में टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर का भी खास जिक्र किया। उन्होंने हल्के मजाकिया अंदाज में लिखा कि कोच के चेहरे पर मुस्कान बहुत अच्छी लग रही है और उनकी गंभीरता के साथ मुस्कान का यह मेल देखने लायक है। धोनी की इस टिप्पणी को फैंस ने खूब पसंद किया। दरअसल गंभीर अपनी गंभीर छवि के लिए जाने जाते हैं, ऐसे में धोनी की यह लाइन सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही।
इसे भी पढ़ें : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने पलट दिया इतिहास, न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर बना चैंपियन, एक साथ टूटे कई बड़े रिकॉर्ड
टीम इंडिया का यादगार टूर्नामेंट
टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम इंडिया के लिए बेहद शानदार रहा। भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में लगातार 4 मैच जीतकर मजबूत शुरुआत की। हालांकि सुपर 8 के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका से हार मिली, लेकिन इसके बाद टीम ने जोरदार वापसी की। भारत ने जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और फिर इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंचा। आखिरकार न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टीम इंडिया ने घर में ट्रॉफी जीतने का सपना पूरा कर लिया।