मेरठ, मूसलाधार बारिश के दौरान आमिर गार्डन कालोनी में एक मकान की कच्ची छत भरभराकर गिर गई। इसके मलबे में दबकर वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि नातिन घायल हो गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने मलब में दबी दोनों महिलाओं को बाहर निकाल लिया था। एंबुलेंस देर से आने पर आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया। पुलिस ने समझाकर लोगों को शांत किया.
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की आमिर गार्डन कालोनी में निसार का दो कमरों का मकान है,जिसे 15 साल पहले बनवाया था। इस मकान में निसार पत्नी और आठ बच्चे सोनू, शादाब, नाजमा, नसीमा, साइन, मुस्कान, समद व शाहिद के साथ रहते है। नासिर की 80 वर्षीय सास जैतून भी पति की मौत के बाद नासिर के साथ रहती थी। मंगलवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश के दौरान दस बजे अचानक निसार के मकान के एक कमरे की कच्ची छत तेज आवाज के साथ भरभराकर गिर गई। हादसे के समय कमरे में जैतून अपनी 25 वर्षीय नातिन नाजमा के साथ कमरे में बैठी थीं। छत गिरते ही दोनों मलबे में दब गई.
परिवार के लोगों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने मलबे में दबी जैतून और नाजमा को बाहर निकाला और आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने जैतून को मृत घोषित कर दिया, जबकि नाजमा खतरे से बाहर है। हादसे की जानकारी मिलते ही लिसाड़ी गेट पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और परिवार के किसी अन्य सदस्य के मलबे में दबे होने की आशंका चलते मलबा हटवाया, लेकिन कोई नहीं मिला.
एंबुलेंस देर से पहुंचने पर आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया। पुलिस ने समझा कर शांत किया। इसके बाद पुलिस ने जैतून के शव को पोस्टमार्टम भेजने का प्रयास किया तो परिजनों ने इसका विरोध किया। बात में पुलिस ने लिखा पढ़ी के बाद शव को परिजनों से सुपुर्द कर दिया। गनीमत रही कि रात के समय छत नहीं गिरी। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। उधर, सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया, मकान की छत गिरने से एक वृद्धा की मौत हुई है, जबकि एक युवती घायल हुई है। युवती का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.