UP News: बाराबंकी में शुक्रवार दोपहर सनसनीखेज वारदात में शोएब किदवई उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह लखनऊ से बाराबंकी की ओर कार से जा रहा था। लखनऊ-अयोध्या हाईवे से उतरते ही बाइक सवार हमलावरों ने उसकी गाड़ी को घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले के बाद इलाके में अफरातफरी फैल गई।
कई राउंड फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर बाइक पर आए थे और बेहद करीब से गोलियां चलाईं। कार पर कई गोलियों के निशान मिले हैं। मौके से खाली कारतूस भी बरामद किए गए हैं। वारदात असेनी मोड़ के पास हुई, जो काफी व्यस्त इलाका माना जाता है।
जांच में जुटी पुलिस
गंभीर रूप से घायल शोएब को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आसपास के क्षेत्रों की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
यह भी देखेंःNew model of electricity in Delhi: दिल्ली में बिजली का नया मॉडल, उपभोक्ता अब खुद करेंगे एनर्जी ट्रेडिंग
कई मामलों में नाम
शोएब का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका था। वह लखनऊ के एक चर्चित जेलर हत्याकांड सहित अन्य गंभीर मामलों में आरोपी बताया जाता रहा है। पुलिस उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि को भी जांच के दायरे में रखकर पड़ताल कर रही है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश और गैंगवार की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द आरोपियों की पहचान का दावा कर रही है।