
मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को एक के बाद एक तीन अलग-अलग नंबरों से धमकी भरे कॉल मिले. कॉलर ने दावा किया कि मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बम रखा गया है. कुछ ही देर में जोरदार धमाका होगा..इस कॉल के बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया. मुंबई पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई. एयरपोर्ट पर पुलिस अधिकारियों के साथ बम स्क्वॉड की टीम भी पहुंचीं. घंटों तक चले सघन तलाशी अभियान में कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हो पाया है. पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के तहत अज्ञात कॉलर ने मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 पर बम विस्फोट होने की धमकी दी थी.
बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंच गया
सूचना के मिलते ही मुंबई पुलिस के आला अधिकारी और बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंच गया. एयरपोर्ट पर हर जगह तलाशी ली गई. इस दौरान पुलिस को कुछ भी संदिग्ध सामान नहीं मिला. असम-बंगाल सीमा से ये धमकी भरे कॉल आए थे. अभी शुरूआती जांच में ये तथ्य सामने आया है.
असम के जुड़े तार
इन धमकी भरी कॉलों को असम और पश्चिम बंगाल सीमा के पास सक्रिय मोबाइल नंबरों से किया गया था. मुंबई के आज़ाद मैदान से पुलिस ने अज्ञात कॉलर के खिलाफ जांच तेज कर दी है. फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है. धमकी देने वाले शख्स तक पहुंचने का प्रयास हो रहा है. उसके इरादों का पता करने की कोशिश हो रही है.