मुंबई लोकल ट्रेन में मामूली विवाद बना हत्या की वजह : मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. चर्चगेट से नालासोपारा जाने वाली फास्ट लोकल ट्रेन के फर्स्ट क्लास डिब्बे में दो यात्रियों के बीच दरवाजा बंद करने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते हिंसक हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक यात्री ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना ने मुंबई की लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
दरवाजा बंद करने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार घटना चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल के मध्य फर्स्ट क्लास कोच में हुई। ट्रेन में सफर कर रहे दो यात्रियों के बीच दरवाजा बंद करने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले दोनों के बीच बहस हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान एक यात्री ने गुस्से में आकर दूसरे व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया.
सीने और पेट में किए गए कई वार
बोरीवली जीआरपी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दत्ता एम. खुपेरकर ने बताया कि आरोपी ने मृतक के सीने और पेट में चाकू से वार किए. गंभीर रूप से घायल यात्री को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हमला बेहद अचानक हुआ, जिससे डिब्बे में मौजूद अन्य यात्री भी घबरा गए.
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
घटना के बाद रेलवे पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी का नाम रोशन है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को थाने लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
एक-दूसरे को नहीं जानते थे दोनों यात्री
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक पहले से एक-दूसरे को नहीं जानते थे। दोनों की मुलाकात ट्रेन में ही हुई थी और एक छोटे से विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में किसी पुरानी दुश्मनी या व्यक्तिगत रंजिश की बात सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
लोकल ट्रेनों में सुरक्षा पर उठे सवाल
मुंबई लोकल में हुई इस घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. रोजाना लाखों लोग लोकल ट्रेनों से सफर करते हैं और भीड़भाड़ के बीच इस तरह की घटनाएं यात्रियों के लिए खतरे की घंटी मानी जा रही हैं। रेलवे पुलिस ने यात्रियों से किसी भी विवाद की स्थिति में संयम बरतने और तुरंत अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है. यह घटना बताती है कि गुस्से में लिया गया एक गलत फैसला किसी की जान ले सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है.