Murder In Delhi: अमर कालॉनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक आईआरएस अधिकारी की 21 वर्षीय बेटी की उसके ही घर में हत्या कर दी गई। यह वारदात दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके में हुई, जिसने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। युवती इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद UPSC की तैयारी कर रही थी और भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना देख रही थी।
हत्या से पहले दुष्कर्म की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, युवती की हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई। आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल चार्जर की तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना की बर्बरता ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि दुष्कर्म की पुष्टि हो सके।
CCTV में दिखा आरोपी
जांच के दौरान शक घर के पूर्व नौकर राहुल पर गया है, जो राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है। उसे करीब डेढ़ से दो महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में सुबह करीब 6 बजे राहुल इलाके में घूमता नजर आया है। वह करीब 8 महीने तक घर में काम कर चुका था और घर की दिनचर्या से पूरी तरह वाकिफ था।
यह भी देखेंःनीला ड्रम कांड... मुस्कान बोली, न नीला ड्रम खरीदा और नशीला इंजेक्शन
सुबह के समय को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, वारदात सुबह 6:30 से 7:30 बजे के बीच हुई, जब युवती घर पर अकेली थी। उस समय उसके माता-पिता जिम गए हुए थे, जिसकी जानकारी आरोपी को पहले से थी। यही मौका देखकर उसने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपी घर से कोई सामान लेकर फरार हुआ है।
तलाश जारी, कई टीमें गठित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।