थाना बिसरख पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर एक हत्या की घटना का सफल अनावरण करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को पुलिस टीम ने अभियुक्त गोविन्द शर्मा को रोजा याकूबपुर से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास से बीयर की दो बोतलें, देशी शराब के दो पाउच, नमकीन के दो खाली पाउच, दो प्लास्टिक के ग्लास और अभियुक्त की चप्पल बरामद की गईं।
हत्या की पूरी कहानी बयान की
पूछताछ के दौरान अभियुक्त गोविन्द शर्मा ने हत्या की पूरी कहानी बयान की। उसने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से रोजा जलालपुर में किराये पर रहकर बढ़ई (कारपेंटर) का काम करता है। वह अक्सर मैच देखने आर.सी.जी. क्रिकेट ग्राउंड जाता था, जहां उसकी दोस्ती ग्राउंड में कार्यरत जसवीर मौर्य से हो गई थी।
कोठरी में अकेला रहता था
जसवीर ग्राउंड में बनी कोठरी में अकेला रहता था और स्टेडियम की साफ-सफाई, देखरेख तथा घास काटने का काम करता था। धीरे-धीरे दोनों का उठना-बैठना बढ़ गया और कभी-कभी साथ बैठकर शराब या बीयर पी लेते थे।
बाएं कंधे में चोट आ गई
उसने बताया कि 1 अगस्त 2026 को दोनों ने क्रिकेट ग्राउंड में जसवीर की कोठरी के सामने बैठकर शराब-बीयर पी। इसी दौरान जसवीर गोविन्द को माँ-बहन की गंदी-गंदी गालियाँ देने लगा। जब गोविन्द ने गाली देने से मना किया तो जसवीर ने उसे धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया और उसके बाएं कंधे में चोट आ गई।
भागते समय चप्पल छूटी
गुस्से में आकर गोविन्द ने जसवीर को धक्का दिया, जिससे वह भी गिर गया। इसके बाद गोविन्द जसवीर के सीने पर बैठ गया और जान से मारने की नीयत से दोनों हाथों से उसका गला दबा दिया। काफी देर तक गला दबाए रखने के बाद जब जसवीर की हरकत बंद हो गई तो गोविन्द ने समझ लिया कि उसकी मृत्यु हो गई है। घबराकर वह मौके से भाग निकला, भागते समय उसकी चप्पल वहीं छूट गई। गिरफ्तार अभियुक्त गोविन्द शर्मा पुत्र दुखी शर्मा का मूल निवास पश्चिम बंगाल के टेकरा वैशाली और बिहार के ग्राम लोधिया में है। वर्तमान में वह ग्राम रोजा जलालपुर, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था। पुलिस ने मामले में आगे की जांच तेज कर दी है।