
Murdered live-in partner: दिल्ली के तिमारपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाला मर्डर केस सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने एक्स ब्वॉयफ्रेंड और उसके दोस्त के साथ मिलकर अपने लिव-इन पार्टनर की हत्या कर दी। घटना 6 अक्टूबर की है, जब गांधी विहार के एक फ्लैट में एक युवक की जली हुई लाश बरामद हुई थी। मृतक की पहचान रामकेश मीणा के रूप में हुई, जो राजस्थान के अलवर का रहने वाला था और दिल्ली में रहकर सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी कर रहा था। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे हादसा माना, लेकिन सीसीटीवी फुटेज ने पूरा सच सामने ला दिया।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज
जांच के दौरान पुलिस को आसपास के सीसीटीवी में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां दिखीं, जो आग लगने से पहले फ्लैट से निकलते नजर आए। फुटेज से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और अमृता नाम की युवती की पहचान की, जो मृतक की लिव-इन पार्टनर थी और मुरादाबाद की रहने वाली थी। लोकेशन ट्रेस करने पर वह हादसे के वक्त फ्लैट के आसपास मौजूद पाई गई। 18 अक्टूबर को पुलिस ने अमृता को गिरफ्तार किया, जहां पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
आपत्तिजनक फोटो और वीडियो
अमृता ने बताया कि उसके पार्टनर रामकेश के पास उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो थे, जिन्हें डिलीट करने से उसने मना कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर अमृता ने अपने एक्स ब्वॉयफ्रेंड सुमित और उसके दोस्त संदीप के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद तीनों ने शव को जलाने के लिए कमरे में आग लगा दी, ताकि मामला हादसा लगे। जांच में यह भी सामने आया कि अमृता बीएससी फॉरेंसिक साइंस की छात्रा थी और उसने वारदात को ऐसे अंजाम दिया कि पुलिस को भ्रम हो जाए। फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है।