कपूरपूर थाना क्षेत्र में 28 मार्च को एक फेरी लगाने वाले युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो उसमें हत्यारोपी का पता लग गया। मंगलवार को पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार करते हुए इस घटना का पर्दाफाश कर दिया। मृतक की हत्या महज इस वजह से की गई थी कि उसने आरोपी के काम पर सर डाल दिया था। गिरफ्तार आरोपी मृतक के रिश्ते का भाई लगाता है।
एक युवक का शव मिला था
आरोपी के पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल, कारतूस, मोपेड और मृतक के मोबाइल फोन कर बरामद कर लिया है। पर पुलिस अधीक्षक ने चंद घंटों में घटना का पर्दाफाश करने पर टीम को ईनाम की संस्तुति की है। पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि 28 मार्च को कपूरपुर थाना क्षेत्र के बृजनाथपुर शुगर मिल वाले मार्ग पर सिर में गोली लगा एक युवक का शव मिला था। शव की शिनाख्त मूलरूप से जिला बदायूं के थाना वजीरगंज के गांव उरैना निवासी इबरत खान के रूप में हुई थी।
परिवार का पालन-पोषण कर रहा था
मृतक काफी समय से नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा गली नंबर-5 में निवास कर रहा था और कपड़ों की फेरी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। पुलिस ने मृतक के हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया और उसकी धरपकड़ के लिए आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगारानी की गई। उन्होंने बताया कि मंगलवार को कपूरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह को सूचना मिली कि फेरी लगाने वाले युवक इबरत खान की हत्या करने वाला आरोपी गांव सालेपुर के पास खड़ा है और कहीं फरार होने की फिराक में है।
इस सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी की घेराबंदी करते हुए आरोपी को दबोच लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मृतक इबरत खान उसके रिश्ते में भाई लगता था। वह भी उसके ही गांव का रहने वाला हैं और वर्तमान में हापुड़ में ही रह रहा है। मृतक इबरत खान फेरी लगाने से पहले उसके पास से कपड़ा ले जाकर फेरी लगाने का काम कर रहा था। लेकिन, डेढ़ महीना पहले ही आरोपी ने उसके पास से कपड़ा लेना बंद कर दिया था। मृतक ने अपना अलग गोदाम मजीदपुरा में बना लिया था।
अवैध पिस्टल से गोली मारकर इबरत खान की हत्या कर दी
इस बात का पता लगने पर उसे काफी बुरा लगा और इबरत खान की वजह से उसका कारोबार भी मंदा हो गया था। इस बात की सूचना कई बार उसने मृतक इबरत खान को दी थी और अपने साथ काम करने की सलाह दी। लेकिन, मृतक ने इस बात से इंकार कर दिया था। जिस वजह से गुस्से में आकर आरोपी ने अवैध पिस्टल से गोली मारकर इबरत खान की हत्या कर दी थी। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक के पास से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, कारतूस, मोपेड और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। घटना का तीन दिन में पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को ईनाम की संस्तुति भी की गई है।