
मेरठ के दौराला क्षेत्र के दादरी गांव स्थित एक शिव मंदिर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. सावन महीने में जब मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाती है, तभी लोगों को मंदिर के पुजारी पर शक हुआ. दरअसल, इस मंदिर में बीते 6 महीने से पूजा-पाठ कराने वाला पुजारी असल में हिंदू नहीं, बल्कि मुस्लिम युवक निकला. उसका असली नाम कासिम है, लेकिन उसने खुद को कृष्णा बताकर मंदिर में सेवा शुरू की थी.यह मामला लोगों को हैरान कर देने वाला है. सवाल ये उठता है कि आखिर कोई इंसान एक मंदिर में पुजारी बनकर इतनी महीनों तक कैसे छिप सकता है? और उसका मकसद क्या था? पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
भक्तों को हुआ शक, तब खुला राज
कासिम इतने समय से मंदिर में पूजा-पाठ, हवन, और ज्योतिष जैसी बातें कर रहा था कि किसी को उस पर शक नहीं हुआ. लेकिन हाल ही में कुछ भक्तों को उसकी बातों और व्यवहार पर संदेह हुआ. जब उन्होंने गहराई से पूछताछ की तो सच्चाई सामने आ गई. इसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
बिहार का रहने वाला है आरोपी
जांच में पता चला कि कासिम बिहार के सीतामढ़ी जिले का रहने वाला है. पुलिस का कहना है कि वह कुछ सालों पहले मेरठ आया था और यहां मंदिर में पुजारी बनकर रहने लगा. बताया जा रहा है कि उसने पूजा-पाठ के साथ-साथ ज्योतिष और हस्तरेखा का भी ज्ञान लिया था ताकि कोई उस पर शक न करे.
मंदिर के दान का कर रहा था इस्तेमाल
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी मंदिर में मिलने वाले दान और चढ़ावे का भी इस्तेमाल अपने निजी खर्चों के लिए करता था. उसके खिलाफ अब धार्मिक भावनाएं आहत करने, धोखाधड़ी और चोरी जैसी धाराओं में केस दर्ज किया गया है.
परिवार को भी नहीं पता थी सच्चाई
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कासिम ने अपने परिवार से कहा था कि वह शादी के लिए बिहार वापस जा रहा है. लेकिन उसके बाद वह मेरठ आ गया और मंदिर में पुजारी बनकर रहने लगा. परिवार वालों को यही लगा कि वह अब इस दुनिया में नहीं रहा.
जांच में जुटी पुलिस और खुफिया एजेंसियां
पुलिस के साथ-साथ अब इंटेलिजेंस एजेंसियां भी इस मामले की जांच कर रही हैं. कासिम के मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इसके पीछे कोई संगठित साजिश तो नहीं है. साथ ही बिहार के सीतामढ़ी में उसके घर भी लोकल पुलिस भेजी गई है ताकि उसकी पृष्ठभूमि की पूरी जानकारी मिल सके.