बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल से बाहर होने के बाद लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। केकेआर से हटाए जाने के बाद जहां उनके करियर को लेकर सवाल उठ रहे थे, वहीं अब उन्हें पाकिस्तान सुपर लीग में नई मंज़िल मिल गई है। लाहौर कलंदर्स ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि मुस्तफिजुर को सीधे अपनी टीम में शामिल किया गया है। इस खबर के बाद साफ हो गया है कि विवादों के बीच भी उनका टी20 करियर आगे बढ़ रहा है।
केकेआर से हटाए जाने पर मचा था बवाल
मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स ने बड़ी रकम में खरीदा था, लेकिन बीसीसीआई के निर्देश के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। इसके बाद मामला सिर्फ आईपीएल तक सीमित नहीं रहा। विवाद इतना बढ़ा कि बांग्लादेश की टीम टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गई और इसी फैसले के विरोध में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम में मुस्तफिजुर का नाम लगातार चर्चा में बना रहा।
PSL में कितने करोड़ का कॉन्ट्रैक्ट मिला
लाहौर कलंदर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को 6.4 करोड़ पाकिस्तानी रुपये में साइन किया है। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 2 करोड़ रुपये बैठती है। हालांकि आईपीएल में उन्हें इससे कहीं ज्यादा, करीब 9.2 करोड़ रुपये मिले थे। बावजूद इसके, PSL का यह कॉन्ट्रैक्ट उनके लिए नई शुरुआत जैसा है। खास बात यह है कि मुस्तफिजुर पहले भी 2016 और 2018 में लाहौर कलंदर्स के लिए खेल चुके हैं, ऐसे में यह वापसी उनके लिए आसान मानी जा रही है।
लाहौर कलंदर्स में किन खिलाड़ियों के साथ खेलेंगे
PSL में अब मुस्तफिजुर रहमान की जोड़ी कई बड़े खिलाड़ियों के साथ देखने को मिलेगी। वह टीम में शाहीन अफरीदी, अब्दुल्लाह शफीक और सिकंदर रजा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरेंगे। इससे लाहौर की गेंदबाजी और ऑलराउंड ताकत और मजबूत होने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें : भारत-पाक मैच पर संकट, Sri Lanka को नुकसान का डर, Pakistan को भेजा कड़ा लेटर, 2009 हमले की याद दिलाई
PSL और टी20 लीग्स में अनुभव
मुस्तफिजुर रहमान का PSL करियर भले ही छोटा रहा हो, लेकिन उनका अनुभव काफी बड़ा है। उन्होंने PSL में अब तक 5 मैच खेले हैं, जिनमें 4 विकेट लिए और उनका इकॉनमी रेट 6.4 रहा। दूसरी ओर, आईपीएल में वह 5 अलग-अलग टीमों के लिए खेल चुके हैं और 60 मैचों में 65 विकेट ले चुके हैं। बीपीएल में भी उनके नाम 92 मैचों में 121 विकेट दर्ज हैं।
टी20 क्रिकेट में बड़ा नाम बने मुस्तफिजुर
कुल मिलाकर टी20 क्रिकेट में मुस्तफिजुर रहमान 322 मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 412 विकेट हासिल किए हैं। उनका औसत और इकॉनमी दोनों उन्हें इस फॉर्मेट का खतरनाक गेंदबाज बनाते हैं। आईपीएल से बाहर होने के बावजूद PSL में करोड़ों का कॉन्ट्रैक्ट यह दिखाता है कि मुस्तफिजुर का नाम अभी भी टी20 लीग्स में भारी मांग रखता है।