गुवाहाटी टेस्ट के दूसरे दिन साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाकर भारत को कठिन स्थिति में पहुंचा दिया. टीम को इस बड़े स्कोर तक ले जाने में सेनुरन मुथुस्वामी के शतक और मार्को जानसेन की अर्धशतकीय पारी का अहम योगदान रहा. भारतीय गेंदबाजों में कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज ने 100 से ज्यादा रन दे दिए. एक समय ऐसा लग रहा था कि अफ्रीका 400 तक भी नहीं पहुंच पाएगा, लेकिन निचले क्रम की तेज बैटिंग ने मैच का पूरा रुख पलट दिया.
मुथुस्वामी और काइल वेरेयिन ने बनाया दबाव
पहले दिन तीसरे सत्र में भारत ने 246 पर अफ्रीका के छह विकेट गिराकर मजबूत वापसी की थी. लेकिन दूसरे दिन मुथुस्वामी और काइल वेरेयिन ने 88 रनों की साझेदारी कर दबाव बढ़ा दिया. वेरेयिन ने 45 रन बनाए. इसके बाद मुथुस्वामी ने जानसेन के साथ 97 रन जोड़कर स्कोर को 450 पार पहुंचा दिया. आखिरी चार विकेटों ने 243 रन जोड़कर पारी को विशाल स्कोर में बदल दिया. भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 29.1 ओवर में 115 रन देकर चार विकेट लिए.
इसे भी पढ़ें : Bangladesh ने Ireland को 217 रनों से हराकर सीरीज जीती, Taijul बने देश के सबसे बड़े टेस्ट विकेट-टेकर
मथुस्वामी का शतक, जानसेन की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी
मोहम्मद सिराज ने भी 30 ओवर में 106 रन देकर दो विकेट चटकाए. बाकी भारतीय गेंदबाज रन रोकने में संघर्ष करते नजर आए. जसप्रीत बुमराह और वाशिंगटन सुंदर को छोड़कर किसी भी गेंदबाज का इकॉनमी रेट तीन से नीचे नहीं रहा. बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 32 ओवर में सिर्फ 75 रन दिए और दो अहम विकेट अपने नाम किए. सिराज ने भी लंबे स्पेल फेंककर दो विकेट झटके. अफ्रीका की पारी 151.1 ओवर तक चली, जिसमें भारतीय गेंदबाजों को लगातार मेहनत करनी पड़ी. मुथुस्वामी के शतक और जानसेन की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने भारत के सामने अब बड़ा लक्ष्य खड़ा कर दिया है. मैच की स्थिति अब भारत की बल्लेबाजी पर निर्भर करेगी. टीम इंडिया इस चुनौती का कैसे सामना करती है, यह देखना रोमांचक होगा.