Mysterious status and billions: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भले ही खुद को साधारण वेतन वाला नेता बताते हों, लेकिन उनकी संपत्ति और आलीशान जीवनशैली को लेकर दुनिया में चर्चा कभी थमती नहीं। भारत यात्रा के बीच एक बार फिर पुतिन की संपत्ति को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुतिन आधिकारिक रूप से करीब 1.16 करोड़ रुपये सालाना वेतन, एक छोटा अपार्टमेंट, एक ट्रेलर और तीन साधारण कारों का मालिक होने का दावा करते हैं। लेकिन विभिन्न अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टें बताती हैं कि उनकी असल संपत्ति इन दावों से कहीं ज्यादा और बेहद रहस्यमयी है। कई आर्थिक विशेषज्ञों ने अनुमान लगाया है कि पुतिन की कुल संपत्ति 200 अरब डॉलर से भी अधिक हो सकती है, जो उन्हें दुनिया के सबसे धनी शख्सों में शामिल कर देती है।
ब्लैक सी की हवेली
पुतिन की सबसे चर्चित संपत्तियों में ब्लैक सी किनारे स्थित आलीशान हवेली है, जिसे अक्सर “पुतिन पैलेस” कहा जाता है। करीब 190,000 वर्ग फुट में फैली इस हवेली की कीमत लगभग 1.4 अरब डॉलर बताई जाती है। इसकी बनावट किसी आधुनिक किले जैसी है, जिसमें शानदार पेंटिंग्स, ग्रीक शैली की मूर्तियाँ, महंगे इंटीरियर और लग्जरी सुविधाएँ शामिल हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस परिसर में स्विमिंग पूल, कसीनो, थिएटर और एक विशाल भूमिगत परिसर है, जिसकी तुलना कई लोग हॉलीवुड के स्पाई मूवी सेट से करते हैं। कहा यह भी जाता है कि यह महल 168 एकड़ जमीन पर बना है और सुरक्षा के मामले में इसे लगभग अभेद्य माना जाता है।
यह भी देखेंःभारत का समुद्री शस्त्रागार और मजबूत, INS अरिदमन जल्द नौसेना में, K-4 मिसाइलों से मिलेगा निर्णायक बढ़त
भूतिया ट्रेन और लग्जरी बेड़ा
पुतिन के पास एक विशेष 22-कोच वाली “घोस्ट ट्रेन” होने की भी खबरें हैं, जो पूरी तरह बुलेटप्रूफ और हाई-टेक सुरक्षा सिस्टम से लैस बताई जाती है। इस ट्रेन में जिम, मसाज पार्लर, टर्किश बाथ, आलीशान बेडरूम और यहां तक कि एक मिनी सिनेमाघर भी मौजूद बताया जाता है। इसकी लागत लगभग 74 मिलियन डॉलर और रखरखाव 15 मिलियन डॉलर वार्षिक बताया गया है। इसके अलावा, पुतिन के पास 58 विमान और हेलीकॉप्टरों का बेड़ा होने का दावा है, जिसमें सबसे महंगा “फ्लाइंग क्रेमलिन” नाम का विमान भी शामिल है। बताया यह भी जाता है कि उनके पास 19 घर, 700 लग्जरी कारें और 100 मिलियन डॉलर की नौका भी मौजूद है।