प्रतापगढ़ जिले से हनीमून के लिए सिक्किम गए जोड़े कौशलेंद्र प्रताप सिंह और अंकिता सिंह 29 मई से लापता हैं. यह जोड़ा लाचेन से लाचुंग लौटते समय भारी बारिश के कारण तीस्ता नदी में गिरकर लापता हो गया था. इस हादसे में कुल 9 लोग लापता हैं, जिनमें अन्य पर्यटक और वाहन चालक शामिल हैं.
‘चमत्कार’ की आस में परिवार
लापता दंपति के परिजनों ने सिक्किम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की है. हालांकि होटल से उनका सामान बरामद किया गया है, लेकिन अभी तक यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि वो नदी में डूबे हैं या नहीं. परिवार चमत्कार की उम्मीद कर रहा है. खराब मौसम और कठिन भौगोलिक स्थिति के कारण बचाव कार्यों में बाधाएं आ रही हैं, जिससे लापता लोगों की तलाश और भी चुनौतीपूर्ण हो गई है.
5 मई को हुई थी शादी
लापता युवक की पहचान 29 वर्षीय कौशलेंद्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के धनगढ़ सराय चिवलाहा गांव के निवासी हैं. कौशलेंद्र ने 5 मई 2025 को विजय सिंह डब्बू की बेटी 26 वर्षीय अंकिता सिंह से विवाह किया था. बीजेपी नेता और कौशलेंद्र के चाचा दिनेश सिंह के अनुसार, यह नवविवाहित जोड़ा 25 मई को ट्रेन से सिक्किम के लिए रवाना हुआ था और 26 मई को मंगन जिले पहुंच गया था.
9 लोग लापता
29 मई को सिक्किम के मंगन जिले में लाचेन से लौटते समय एक पर्यटक वाहन तीस्ता नदी में गिर गया, जिससे उसमें सवार 9 लोग लापता हो गए. इस भीषण हादसे में नवविवाहित जोड़ा कौशलेंद्र और अंकिता सिंह भी थे, जो उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के निवासी थे । इसके अलावा ओडिशा, त्रिपुरा और उत्तर प्रदेश के अन्य पर्यटक भी वाहन में सवार थे. स्थानीय ड्राइवर भी लापता है. राहत और बचाव कार्यों में भारी बारिश और भूस्खलनों के कारण कठिनाइयां आ रही हैं. हालांकिदो शवों की पहचान की गई है, लेकिन अन्य लापता व्यक्तियों की तलाश जारी है.
दोनों के परिवार के सदस्य राहत और बचाव कार्यों की जानकारी लेने के लिए सिक्किम पहुंचे हैं. एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार खोज और बचाव अभियान चला रही हैं. हालांकि, अब तक न तो कोई शव मिला है और न ही कोई जीवित व्यक्ति. दिनेश सिंह ने बताया कि कौशलेंद्र और अंकिता का सामान होटल से बरामद कर लिया गया था, लेकिन अभी तक कोई पुख्ता सबूत नहीं है जो यह पुष्टि कर सके कि वे नदी में डूब गए थे. परिवार इस कठिन समय में किसी चमत्कार की उम्मीद कर रहा है.