संदिग्ध हालात में मॉडल की मौत से मचा हड़कंप -भोपाल में 27 वर्षीय मॉडल की रहस्यमयी मौत ने शहर में सनसनी फैला दी है। युवती को सोमवार तड़के उसके बॉयफ्रेंड ने अस्पताल में भर्ती कराया और तुरंत फरार हो गया। डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित किया और पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मॉडलिंग की दुनिया में पहचान बना रही थी खुशबू
मृतका की पहचान खुशबू अहिरवार के रूप में हुई है, जो सोशल मीडिया पर ‘डायमंड गर्ल’ नाम से एक्टिव थी। इंस्टाग्राम पर उसके 12 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। खुशबू भोपाल में तीन साल से रह रही थी और लोकल ब्रांड्स के लिए मॉडलिंग करती थी। बीए की पढ़ाई बीच में छोड़कर उसने मॉडलिंग को ही करियर बनाया था।
लिव-इन में रह रही थी मुस्लिम युवक के साथ
पुलिस जांच में सामने आया कि खुशबू एक मुस्लिम युवक कासिम के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। वही उसे अस्पताल लेकर पहुंचा और बेसुध देखने के बाद भाग गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। युवती की मां ने कासिम पर हत्या का आरोप लगाया है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतका की मां लक्ष्मी अहिरवार ने बताया कि बेटी के शरीर पर कई जगह चोट और नीले निशान हैं। चेहरे पर सूजन और प्राइवेट पार्ट पर भी चोटें मिली हैं। उन्होंने कहा, “बेटी को निर्ममता से पीट-पीटकर मारा गया है।” परिवार ने न्याय की मांग की है और आरोपी की गिरफ्तारी की अपील की है।
दीपावली पर घर आई थी, फिर नहीं लौटी
खुशबू दीपावली के वक्त बीस दिन घर रही थी और 3 नवंबर को भोपाल लौट आई थी। उसने आखिरी बार बहन से प्रेमी कासिम का ज़िक्र किया था। इसके बाद परिवार उससे संपर्क नहीं कर सका। अब परिवार की आंखों में सिर्फ इंसाफ की मांग है और पुलिस इस रहस्यमयी मौत के हर पहलू की जांच में जुटी है।