NAB completes 75 years: रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और अध्यक्ष नीता अंबानी ने सोमवार को नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड (NAB) के 75वें स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लिया। इस खास मौके पर उन्होंने NAB इंडिया से जुड़े बच्चों, शिक्षकों, केयरटेकर और सदस्यों के साथ समय बिताया। कार्यक्रम के दौरान नीता अंबानी ने अगले पांच वर्षों में दृष्टिबाधित समुदाय के सशक्तिकरण के लिए कुल ₹5 करोड़ देने की घोषणा की। यह सहयोग शिक्षा, खेल और कौशल विकास से जुड़ी पहलों पर केंद्रित रहेगा।
समारोह में दिखी खास मौजूदगी
NAB के स्थापना दिवस कार्यक्रम में कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। NAB इंडिया के महासचिव डॉ. विमल कुमार डेंगला और अभिनेता जॉन अब्राहम भी इस अवसर पर मौजूद रहे। करीब 300 दृष्टिबाधित प्रतिभागियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। आयोजन का उद्देश्य नेत्रहीन व्यक्तियों के अधिकारों, अवसरों और आत्मनिर्भरता को लेकर जागरूकता बढ़ाना रहा।
22 साल की साझेदारी का जश्न
इस समारोह के साथ ही रिलायंस फाउंडेशन और NAB इंडिया की साझेदारी के 22 साल भी पूरे हुए। अपने संबोधन में नीता अंबानी ने कहा कि यह केवल एक संस्था की वर्षगांठ नहीं, बल्कि समान अवसर, गरिमा और मानव क्षमता में विश्वास की 75 साल की यात्रा है। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे का भविष्य सिर्फ उसकी दृष्टि के कारण सीमित नहीं होना चाहिए।
यह भी देखेंःचुनावी फ्रीबीज पर सुप्रीम कोर्ट की दो टूक, बोला– हर मुफ्त योजना को मुफ्तखोरी कहना गलत
ब्लाइंड महिला क्रिकेट टीम का सम्मान
नीता अंबानी ने अपने भाषण में भारत की ब्लाइंड महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि का भी जिक्र किया। उन्होंने टीम को प्रेरणा का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनकी जीत ने साबित किया है कि आत्मविश्वास और अवसर मिलने पर कोई भी बाधा सफलता की राह नहीं रोक सकती।
नए कार्यक्रमों से मिलेगा समर्थन
भारत में दुनिया की 20 प्रतिशत से अधिक दृष्टिबाधित आबादी रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए नीता अंबानी ने दो नए कार्यक्रमों के जरिए ₹5 करोड़ के सहयोग की घोषणा की। इन पहलों का उद्देश्य दृष्टिबाधित समुदाय को शिक्षा, खेल और आत्मनिर्भरता के नए अवसर प्रदान करना है।