.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D8baee373-1a85-4401-8270-a37dc6a15036&w=3840&q=75)
La Ganesan passed away: नागालैंड के राज्यपाल एल. गणेशन का शुक्रवार शाम 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने शाम 6 बजकर 23 मिनट पर अंतिम सांस ली। 8 अगस्त को चेन्नई स्थित अपने आवास पर गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था। एल. गणेशन ने 20 फरवरी 2023 को नागालैंड के 19वें राज्यपाल के रूप में पदभार संभाला था। इससे पहले वे मणिपुर और पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के पद पर भी रह चुके थे। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री ने किया योगदान को याद
पीएम मोदी ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि एल. गणेशन एक समर्पित राष्ट्रवादी थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित किया। उन्होंने तमिलनाडु में बीजेपी के विस्तार के लिए अथक प्रयास किए और तमिल संस्कृति के प्रति गहरा लगाव रखा। प्रधानमंत्री ने उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें निष्ठा और समर्पण का प्रतीक बताया। गणेशन के निधन को राजनीतिक और सामाजिक जगत के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।
Pained by the passing of Nagaland Governor Thiru La. Ganesan Ji. He will be remembered as a devout nationalist, who dedicated his life to service and nation-building. He worked hard to expand the BJP across Tamil Nadu. He was deeply passionate about Tamil culture too. My thoughts… pic.twitter.com/E1VXtsKul3
— Narendra Modi (@narendramodi) August 15, 2025
संघ और बीजेपी से लंबा जुड़ाव
एल. गणेशन का जन्म 16 फरवरी 1945 को तमिलनाडु के तंजावुर में हुआ था। बचपन से ही वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा से प्रभावित थे। 1970 में वे आरएसएस के प्रचारक बने और करीब दो दशक तक अलग-अलग क्षेत्रों में संगठन के लिए कार्य किया। 1991 में वे भारतीय जनता पार्टी से जुड़े और तमिलनाडु बीजेपी के संगठन सचिव बने। 2006 से 2009 तक उन्होंने राज्य बीजेपी के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला। संगठन और नेतृत्व में उनकी क्षमता के चलते वे हमेशा पार्टी और समर्थकों के बीच सम्मानित रहे।