महाराष्ट्र के नागपुर में एक विवाहित महिला ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, धर्मांतरण के लिए दबाव और जबरन निकाह कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक मौलाना की तलाश जारी है। पीड़िता का आरोप है कि उसे बहाने से होटल बुलाकर नशीला पदार्थ दिया गया, फिर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे धमकाया गया और बाद में मध्य प्रदेश ले जाकर उसकी मर्जी के खिलाफ धार्मिक रस्में कराई गईं।
प्रॉपर्टी डीलिंग के बहाने हुआ संपर्क
पीड़िता प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है, जबकि उसके पति सेना में कार्यरत हैं और दूसरे शहर में तैनात हैं। महिला के अनुसार, एक परिचित व्यक्ति ने प्लॉट खरीदने और प्रॉपर्टी की मीटिंग का बहाना बनाकर उससे संपर्क किया और नागपुर के एक होटल में बुलाया। वहां उसे जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।
वीडियो बनाकर किया गया ब्लैकमेल
महिला ने शिकायत में कहा है कि बेहोशी की हालत में उसके फोटो और वीडियो बनाए गए। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए उसे लगातार धमकाया गया और दबाव बनाया गया। पीड़िता ने पुलिस को एक वीडियो भी सौंपा है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।
मध्य प्रदेश ले जाकर कराया निकाह
महिला का आरोप है कि उसे मध्य प्रदेश के तामिया क्षेत्र ले जाया गया, जहां उसकी इच्छा के खिलाफ धार्मिक रस्में कराई गईं और निकाह कराया गया। पीड़िता ने कहा है कि उसने इसके लिए कभी सहमति नहीं दी थी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि वहां किन परिस्थितियों में यह पूरा घटनाक्रम हुआ।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक मौलाना अभी फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस की टीम मध्य प्रदेश पहुंची हुई है। मामले में विभिन्न धाराओं के साथ महाराष्ट्र अंध श्रद्धा निर्मूलन कानून के तहत भी प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की हर पहलू से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।