Naman Dhir : शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 में अमृतसर सूरमा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में टीम ने लुधियाना लायंस को 8 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टीम की सफलता के सबसे बड़े नायक कप्तान नमन धीर रहे, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अपने बल्ले से रन बरसाए।
10 मैच में ठोक दिए 655 रन
नमन धीर इस सीजन के सबसे सफल बल्लेबाज साबित हुए। उन्होंने 10 मुकाबलों में 72.78 की शानदार औसत से 655 रन बनाए। लगातार बड़ी पारियां खेलने वाले नमन को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया। उनके प्रदर्शन ने अमृतसर सूरमा को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।
49 छक्के और 49 चौकों से मचाई धूम
नमन धीर की बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 49 छक्के और 49 चौके लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 217.61 रहा, जो टी20 क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज के लिए बेहद खास माना जाता है। उन्होंने लगभग हर मैच में गेंदबाजों पर दबाव बनाकर रखा।
प्रभसिमरन सिंह भी रहे शानदार
रनों की दौड़ में प्रभसिमरन सिंह दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 9 मैचों में 575 रन बनाए। उनकी औसत 82.14 और स्ट्राइक रेट 201.05 रहा। प्रभसिमरन ने 34 छक्के और 57 चौके लगाए। हालांकि शानदार प्रदर्शन के बावजूद वह अपनी टीम को खिताब नहीं दिला सके।
गेंदबाजी में चमके साहिल भास्कर
जहां बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला, वहीं तेज गेंदबाज साहिल भास्कर ने भी अपनी छाप छोड़ी। साहिल ने 10 मैचों में सबसे ज्यादा 20 विकेट हासिल किए। उनकी लगातार प्रभावी गेंदबाजी के लिए उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया।
इसे भी पढ़ें : पाकिस्तान की एंट्री पर सियासत तेज, भारत में खेलेगी टीम तो उठने लगे बड़े सवाल
अमृतसर सूरमा ने जीता खिताब
अभिषेक शर्मा की गैरमौजूदगी में कप्तानी संभाल रहे नमन धीर ने बल्ले से ही नहीं बल्कि नेतृत्व से भी टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। पूरे टूर्नामेंट में अमृतसर सूरमा का प्रदर्शन दमदार रहा और फाइनल में एकतरफा जीत के साथ टीम ने शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। नमन धीर का यह सीजन लंबे समय तक याद रखा जाएगा।