Namo Bharat Rapid Rail: दिल्ली से मेरठ तक नमो भारत रैपिड रेल कॉरिडोर की शुरुआत के साथ ही रियल एस्टेट बाजार में हलचल तेज हो गई है। 82 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट से यात्रा समय घटकर करीब एक घंटे से कम होने की उम्मीद है। तेज कनेक्टिविटी के कारण मेरठ और आसपास के इलाकों को अब निवेश और आवास के नए विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।
कीमतों में उछाल के संकेत
सराय काले खां, मोदीपुरम, शताब्दीनगर और बेगमपुल जैसे स्टेशन अब सिर्फ आवाजाही के केंद्र नहीं रहेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि इन इलाकों में जमीन और फ्लैट की मांग बढ़ सकती है। बेहतर कनेक्टिविटी के चलते 15 से 30 प्रतिशत तक कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
दिल्ली से मेरठ का विकल्प
दिल्ली-एनसीआर में ऊंची प्रॉपर्टी कीमतों के कारण कई खरीदार अब मेरठ की ओर रुख कर रहे हैं। रोजाना तेज और आरामदायक यात्रा संभव होने से लोग काम दिल्ली में और घर मेरठ में लेने का विकल्प तलाश रहे हैं। इससे आवासीय और कमर्शियल दोनों सेगमेंट को फायदा मिल सकता है।
विकास को मिलेगी रफ्तार
इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के साथ आमतौर पर आसपास के क्षेत्रों का योजनाबद्ध विकास होता है। रैपिड रेल कॉरिडोर के आसपास नई टाउनशिप, ग्रुप हाउसिंग और रिटेल स्पेस विकसित होने की संभावना है। इससे स्थानीय रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों में भी तेजी आ सकती है।
मेरठ बनेगा हॉटस्पॉट?
विशेषज्ञों का आकलन है कि अगले कुछ वर्षों में मेरठ एनसीआर के उभरते रियल एस्टेट हब के रूप में पहचान बना सकता है। बेहतर कनेक्टिविटी और बढ़ती मांग के कारण यह शहर निवेश के लिहाज से आकर्षक विकल्प बनता दिख रहा है।