सावन का पवित्र महीना शुरू हो चुका है और पूरे देश से भोलेनाथ के भक्त हरिद्वार से कांवड़ लाने के लिए बड़ी संख्या में निकल रहे हैं. खासतौर पर दिल्ली, मेरठ और आसपास के इलाकों से भारी तादाद में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल होते हैं. श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए एनसीआरटीसी (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम) ने नमो भारत ट्रेन की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने का फैसला किया है ताकि भक्तों को बेहतर सुविधा मिल सके. श्रद्धा और सुविधा को साथ लेकर चल रही नमो भारत ट्रेन, सावन के इस पवित्र महीने में भोले के भक्तों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. वो अब जल्दी और सुरक्षित तरीके से अपनी कांवड़ यात्रा पूरी कर सकेंगे.
कब से बदली ट्रेन की टाइमिंग?
11 जुलाई से न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक चलने वाली नमो भारत ट्रेन अब हर 10 मिनट पर चलेगी. पहले यह ट्रेन हर 15 मिनट के अंतराल पर चलती थी. यह नई सुविधा खासतौर पर दो टाइम स्लॉट में लागू की गई है- सुबह 8 बजे से 11 बजे तक और शाम 5 बजे से 8 बजे तक. इस बदलाव से श्रद्धालुओं और दैनिक यात्रियों दोनों को राहत मिलेगी.
क्या होगा इसका फायदा?
कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली से हरिद्वार तक की सड़कों पर भारी ट्रैफिक हो जाता है. कई बार मेरठ में भारी वाहनों और बसों का प्रवेश बंद कर दिया जाता है. ऐसे में नमो भारत ट्रेन की फ्रीक्वेंसी बढ़ने से लोग ट्रैफिक जाम से बचेंगे और उन्हें आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा. मेरठ और आसपास के लोग बड़ी संख्या में इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे.
यात्रियों की सुविधा के लिए किए गए इंतजाम
इस समय मेरठ में नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो के निर्माण कार्य भी चल रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है. इसके लिए स्टेशनों और साइट्स को सुरक्षित बनाया गया है. ट्रैफिक कंट्रोल के लिए खास जगहों पर ट्रैफिक मार्शल तैनात किए गए हैं. साथ ही ट्रेन रूट से जुड़ी सड़कों की मरम्मत भी कर दी गई है. भीड़भाड़ वाले इलाकों में कोई नया निर्माण कार्य नहीं होगा और स्टेशन या साइट्स के पास वाहन पार्किंग की अनुमति नहीं दी जाएगी.
अब तक कितने लोग कर चुके हैं सफर?
नमो भारत ट्रेन अभी 11 स्टेशनों के बीच 55 किलोमीटर के सेक्शन पर चल रही है. इस ट्रेन में अब तक 1.25 करोड़ से ज्यादा लोग सफर कर चुके हैं.