Nana Patekar Death News: बॉलीवुड और मराठी सिनेमा से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर ने उनके चाहने वालों को स्तब्ध कर दिया है। सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, 75 वर्षीय अभिनेता गोवा के डोना पाउला स्थित अपने घर पर अचेत अवस्था में मिले थे। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि नाना पाटेकर को सुबह करीब 5:20 बजे मृत घोषित किया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों की टीम ने करीब 45 मिनट तक उन्हें होश में लाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
चार दशक से ज्यादा लंबा रहा शानदार करियर
नाना पाटेकर ने 1978 में आई फिल्म 'गमन' से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने हिंदी के साथ-साथ मराठी सिनेमा में भी अपनी अलग पहचान बनाई। उनके अभिनय की खास बात उनका दमदार अंदाज और संवाद अदायगी रही, जिसने उन्हें दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बनाया। 'परिंदा', 'प्रहार', 'अंगार', 'क्रांतिवीर', 'तिरंगा', 'खामोशी' और 'अब तक छप्पन' जैसी फिल्मों में उनके यादगार किरदार आज भी दर्शकों को याद हैं। 'क्रांतिवीर' के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।
हाल ही में फिटनेस को लेकर सुर्खियों में थे अभिनेता
दिलचस्प बात यह है कि कुछ समय पहले नाना पाटेकर का एक फिटनेस वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आया था। फोटोग्राफर और प्रोड्यूसर अतुल कासबेकर द्वारा साझा किए गए वीडियो में अभिनेता लगातार ट्राइसेप डिप्स करते दिखाई दिए थे। 15 डिप्स पूरे करने के बाद उनके चेहरे पर मुस्कान भी नजर आई थी। उनकी फिटनेस देखकर प्रशंसकों ने भी खूब प्रतिक्रिया दी थी।
'हाउसफुल 5' और 'ओ' रोमियो में भी आए नजर
नाना पाटेकर हाल के वर्षों में भी फिल्मों में सक्रिय रहे। वह अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन और रितेश देशमुख जैसे सितारों के साथ 'हाउसफुल 5' में दिखाई दिए थे। इसके अलावा विशाल भारद्वाज की 'ओ' रोमियो' में उन्होंने पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया था, जिसमें शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिकाओं में थे। 'सूबेदार' में भी उन्होंने कैमियो किया था।
नाना पाटेकर के निधन की खबर ने फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर पैदा कर दी है। आधिकारिक तौर पर उनकी मौत की वजह और अन्य जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।