Nandini Price Hike 2026 : दिवाली से पहले आम लोगों की जेब पर महंगाई का एक और असर पड़ा है। दूध और दही के दाम बढ़ने के बाद अब नंदिनी के घी, मक्खन, पनीर और तृप्ति दूध की कीमतों में भी बदलाव किया गया है। बेंगलुरु मिल्क यूनियन (बीएएमयूएल) ने नई दरें 4 नवंबर 2026 से लागू कर दी हैं। इसका असर उन ग्राहकों पर पड़ेगा जो रोजाना नंदिनी के डेयरी उत्पाद खरीदते हैं।
पहले दूध और दही के दाम बढ़े थे
इससे पहले कर्नाटक मिल्क फेडरेशन ने नंदिनी दूध की कीमत में 8 रुपये प्रति लीटर और दही की कीमत में 14 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। अब घी, मक्खन और पनीर के दामों में भी बदलाव कर दिया गया है। त्योहारों के मौसम में इन जरूरी चीजों की नई कीमतें घरेलू बजट पर असर डाल सकती हैं।
नंदिनी घी की नई कीमतें
बीएएमयूएल की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, नंदिनी घी के अलग-अलग पैक की नई दरें तय की गई हैं। 200 मिलीलीटर घी का पैकेट अब 95 रुपये में मिलेगा। 500 मिलीलीटर के पैक के लिए 425 रुपये और एक लीटर के पैक के लिए 850 रुपये देने होंगे। वहीं, पीईटी जार में मिलने वाले घी की कीमत भी अलग-अलग तय की गई है।
पीईटी जार और बड़े पैक के दाम
पीईटी जार में 50 मिलीलीटर घी 65 रुपये, 100 मिलीलीटर 100 रुपये, 200 मिलीलीटर 180 रुपये और 500 मिलीलीटर 435 रुपये में मिलेगा। एक लीटर का जार 870 रुपये का होगा। बड़े पैक में 5 लीटर घी की कीमत 4,250 रुपये और 15 किलोग्राम के टिन की कीमत 14,100 रुपये तय की गई है। एक लीटर के टिन की कीमत 870 रुपये होगी।
ये भी पढ़ें : शेयर बाजार में तूफानी तेजी, Sensex 1,400 अंक उछला, Nifty 24,300 के पार
पनीर और मक्खन भी हुए महंगे
नंदिनी पनीर के 200 ग्राम पैक की कीमत 115 रुपये और 500 ग्राम पैक की कीमत 260 रुपये होगी। एक किलो पनीर के लिए 485 रुपये देने होंगे। वहीं, 200 ग्राम मध्यम वसा वाला पनीर 110 रुपये में मिलेगा। मक्खन की बात करें तो 100 ग्राम नमकीन मक्खन 90 रुपये और 500 ग्राम पैक 380 रुपये का होगा। बिना नमक वाला 200 ग्राम मक्खन 160 रुपये और 500 ग्राम पैक 390 रुपये में मिलेगा।
तृप्ति दूध की नई दरें भी लागू
तृप्ति दूध के दामों में भी बदलाव किया गया है। अब 130 मिलीलीटर का पैकेट 11 रुपये में मिलेगा। वहीं, 450 मिलीलीटर दूध के पैकेट की कीमत 33 रुपये तय की गई है। ये सभी नई दरें 4 नवंबर 2026 से लागू हो चुकी हैं। ऐसे में नंदिनी के उत्पाद खरीदने वाले ग्राहकों को अब घी, मक्खन, पनीर और दूध के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे।