Narendra Modi Pauses: पश्चिम बंगाल में चुनावी प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला, जब वह झारग्राम में एक दुकान पर अचानक रुक गए और स्थानीय स्ट्रीट फूड झालमुड़ी का स्वाद लिया। रविवार को आदिवासी बहुल क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करने के बीच उनका यह सहज और हल्का पल चर्चा का विषय बन गया। बाजार में मौजूद लोगों के लिए यह क्षण खास बन गया, जब प्रधानमंत्री ने खुद दुकानदार से झालमुड़ी खरीदी और उससे बातचीत भी की।
चुनावी माहौल के बीच बदला रंग
प्रधानमंत्री का यह दौरा मुख्य रूप से चुनावी सभाओं के लिए था, जहां उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में तुष्टिकरण की राजनीति हो रही है और घुसपैठ के जरिए भाषा और संस्कृति को प्रभावित किया जा रहा है। हालांकि, इन तीखे राजनीतिक हमलों के बीच उनका झालमुड़ी का आनंद लेना एक अलग ही माहौल पैदा कर गया।
दिलचस्प बातचीत
जब प्रधानमंत्री दुकान पर पहुंचे तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “मुझे झालमुड़ी खिलाओ।” दुकानदार ने पैसे लेने से मना किया, लेकिन प्रधानमंत्री ने खुद भुगतान किया। बातचीत के दौरान जब दुकानदार ने पूछा कि क्या वह प्याज खाते हैं, तो प्रधानमंत्री ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया— “हां, प्याज खाते हैं, दिमाग नहीं।” इस पर वहां मौजूद लोग हंस पड़े और माहौल हल्का हो गया।
ঝাড়গ্রামে ঝালমুড়ি খাবার বিরতি! pic.twitter.com/t0TcDeONxt
— Narendra Modi (@narendramodi) April 19, 2026
यह भी देखेंःMajor accident in Virudhunagar: विरुदुनगर में बड़ा हादसा, पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 16 लोगों की मौत!
साझा किया वीडियो
प्रधानमंत्री ने इस पूरे अनुभव का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी साझा किया। वीडियो में देखा जा सकता है कि दुकानदार प्रधानमंत्री के आने से बेहद खुश नजर आ रहा है और कहता है कि उनका दुकान पर आना ही उसके लिए बड़ी बात है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री ने उसे पैसे देकर ही झालमुड़ी खरीदी।
सरकार पर साधा निशाना
इस हल्के पल के बाद प्रधानमंत्री ने अपनी रैलियों में फिर से राजनीतिक तेवर दिखाए। उन्होंने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर ‘न पढ़ाई, न कमाई, न दवाई’ का आरोप लगाया। साथ ही महिलाओं के अधिकार, किसानों के मुद्दे और पिछड़े वर्गों की योजनाओं को लेकर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि अब राज्य में बदलाव का समय आ गया है।