Narsinghpur News : साड़ी पर कमेंट किया, डांट पड़ी तो नाराज छात्र ने शिक्षिका पर पेट्रोल डालकर लगाई आग
राज्य
Narsinghpur News : साड़ी पर कमेंट किया, डांट पड़ी तो नाराज छात्र ने शिक्षिका पर पेट्रोल डालकर लगाई आग
लोकसत्य
बुधवार, 20 अगस्त 2025 • 11:03 am
Share:
MP News : नरसिंहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उत्कृष्ट विद्यालय की अतिथि शिक्षिका पर एक छात्र ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में टीचर 25 प्रतिशत तक झुलस गई हैं और जिला अस्पताल में उनका इलाज जारी है। आरोपी छात्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायत से गुस्से में आया छात्र
जानकारी के अनुसार, आरोपी सूर्यांश कोचर उत्कृष्ट विद्यालय (Excellence School) का छात्र है। 15 अगस्त के मौके पर कार्यक्रम के दौरान टीचर ने साड़ी पहनी थी। इस पर आरोपी ने आपत्तिजनक कमेंट किया। शिक्षिका ने इस व्यवहार की शिकायत स्कूल प्रशासन से की थी। इसी बात से नाराज होकर छात्र ने खौफनाक कदम उठा लिया।
पेट्रोल डालकर लगाई आग
आरोपी छात्र पेट्रोल की बोतल लेकर शिक्षिका के घर पहुंचा। वहां उसने शिक्षिका पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और झुलसी हुई शिक्षिका को जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार पीड़िता लगभग 25 प्रतिशत तक झुलस गई हैं।
पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
एसडीओपी मनोज गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी छात्र को डोंगरगांव थाना क्षेत्र के कल्याणपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
समाज में सनसनी
इस घटना ने पूरे नरसिंहपुर जिले में सनसनी फैला दी है। लोग शिक्षिका पर हुए इस हमले से स्तब्ध हैं और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।