टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले ही क्रिकेट की दुनिया में विवाद गहराता जा रहा है। बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने और पाकिस्तान के भारत के खिलाफ मैच न खेलने के फैसले पर अब इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि इस पूरे मामले ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बराबरी और निष्पक्षता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
ICC और BCCI पर सीधा सवाल
स्काई स्पोर्ट्स के पॉडकास्ट में माइकल एथरटन के साथ बातचीत में नासिर हुसैन ने आईसीसी पर भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ICC ताकतवर बोर्ड्स को ज्यादा तवज्जो देती है, खासकर बीसीसीआई को। हुसैन ने सवाल उठाया कि अगर भारत किसी टूर्नामेंट से ठीक पहले खेलने से इनकार कर दे, तो क्या ICC उतनी ही सख्ती दिखाएगा जितनी उसने बांग्लादेश के मामले में दिखाई।
बराबरी नहीं तो क्रिकेट कैसे बचेगा
नासिर हुसैन ने कहा कि असली मुद्दा पैसा नहीं, बल्कि बराबरी का है। उन्होंने साफ कहा कि भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश तीनों के साथ एक जैसा व्यवहार होना चाहिए। उनका मानना है कि ताकत और पैसे के साथ जिम्मेदारी भी आती है। अगर कुछ देशों को बार-बार दबाया जाएगा, तो उनका क्रिकेट कमजोर होता चला जाएगा और बड़े मुकाबलों का रोमांच भी खत्म हो जाएगा।
पाकिस्तान और बांग्लादेश के समर्थन में बयान
हुसैन ने बांग्लादेश और पाकिस्तान दोनों के रुख की तारीफ की। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश ने अपने खिलाड़ियों और बोर्ड के लिए मजबूती से खड़ा होकर सही किया। साथ ही उन्होंने पाकिस्तान की भी सराहना की, जिसने बांग्लादेश के समर्थन में आवाज उठाई। हुसैन के मुताबिक, किसी न किसी को यह कहना ही होगा कि राजनीति बहुत हो चुकी है और अब क्रिकेट को आगे बढ़ने देना चाहिए।
बांग्लादेश के बाहर होने की पूरी कहानी
बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से इसलिए बाहर किया गया क्योंकि उसने भारत में मैच खेलने से इनकार किया था और मुकाबले श्रीलंका में कराने की मांग रखी थी। ICC ने इस मांग को ठुकरा दिया और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को फैसला लेने के लिए सिर्फ 24 घंटे का समय दिया। समय पर सहमति न बनने के बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया।
इसे भी पढ़ें : ICC से बाहर Bangladesh, फिर भी मंच से लिया नाम, पाक कप्तान की बातों ने बढ़ाया बवाल
पाकिस्तान का रुख और आगे की तस्वीर
इस पूरे विवाद पर मोहसिन नकवी ने कहा कि टूर्नामेंट में खेलने या न खेलने का फैसला सरकार करेगी। हालांकि खिलाड़ियों को खेलने की अनुमति मिल चुकी है, लेकिन पाकिस्तान ने साफ कर दिया है कि वह भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा। ऐसे में नासिर हुसैन की यह टिप्पणी सिर्फ बयान नहीं, बल्कि ICC और विश्व क्रिकेट व्यवस्था के लिए एक बड़ी चेतावनी मानी जा रही है।