State Election Commissioners: भारत निर्वाचन आयोग 24 फरवरी 2026 को राज्य निर्वाचन आयुक्तों के राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। यह सम्मेलन नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा, जिसमें देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्य निर्वाचन आयुक्तों के शामिल होने की संभावना है। करीब 25 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हो रहे इस आयोजन को चुनावी व्यवस्था के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
भारत मंडपम में आयोजन, ऐतिहासिक सम्मेलन
निर्वाचन आयोग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यह सम्मेलन दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले ऐसा राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन वर्ष 1999 में हुआ था। इतने लंबे समय बाद सभी राज्य निर्वाचन आयुक्तों का एक साथ जुटना चुनावी प्रक्रियाओं पर साझा मंथन का बड़ा अवसर माना जा रहा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त करेंगे अध्यक्षता
सम्मेलन की अध्यक्षता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार करेंगे। उनके साथ चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी भी मंच साझा करेंगे। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय नेतृत्व की ओर से राज्य निर्वाचन आयुक्तों को संबोधित किया जाएगा और चुनावी अनुभवों पर चर्चा की जाएगी।
यह भी देखेंःNDA Returns to power in Manipur: मणिपुर में NDA की वापसी, युमनाम खेमचंद ने संभाली मुख्यमंत्री की कमान
तकनीक पर फोकस
सम्मेलन में चुनाव संचालन, प्रक्रियाओं और लॉजिस्टिकल प्रबंधन जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा। मतदाता पात्रता से जुड़े कानून, चुनावों में तकनीकी उपयोग, डिजिटल प्लेटफॉर्म, ईवीएम और चुनाव प्रशासन से जुड़ी चुनौतियां चर्चा के प्रमुख बिंदु रहेंगे। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी इन सत्रों में भाग लेंगे।
संवैधानिक जिम्मेदारियां
निर्वाचन आयोग इस मंच के जरिए राज्य चुनाव आयोगों के साथ अपने संस्थागत अनुभव साझा करेगा। पंचायतों और नगर निकायों के चुनावों से जुड़ी जिम्मेदारियों, मतदाता सूची तैयार करने और संवैधानिक प्रावधानों के पालन जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। इस सम्मेलन को चुनावी संस्थाओं के बीच सहयोग और समन्वय को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।