National Film Awards 2026: 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में खास उत्साह देखने को मिल रहा है. इस बार पुरस्कार समारोह की मेजबानी गुजरात के एकता नगर, केवड़िया में की जा रही है। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के इतिहास में यह एक खास बदलाव है, क्योंकि इस बार समारोह दिल्ली से बाहर आयोजित हो रहा है.
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास सजा मंच
इस बार समारोह का आयोजन स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की पृष्ठभूमि वाले एकता नगर में किया जा रहा है। देशभर के अभिनेता, निर्देशक, फिल्ममेकर और तकनीशियन इस खास मौके पर पहुंच रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समारोह में विजेताओं को सम्मानित कर रही हैं.
रेड कार्पेट पर सितारों की मौजूदगी
अवॉर्ड समारोह से पहले रेड कार्पेट पर कई फिल्मी सितारों की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींचा। अभिनेता रणदीप हुड्डा और मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी भी समारोह से जुड़े प्रमुख चेहरों में शामिल हैं। रणदीप हुड्डा को उनकी फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया जाना है, जबकि ममूटी को ‘ब्रह्मयुगम’ के लिए बेस्ट एक्टर का सम्मान साझा रूप से मिला है.
इन कलाकारों को भी मिला सम्मान
इस साल ‘आर्टिकल 370’ को बेस्ट फीचर फिल्म चुना गया है और इसी फिल्म के लिए यामी गौतम को बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार मिला है. वहीं ‘चंदू चैंपियन’ के लिए कार्तिक आर्यन और ‘ब्रह्मयुगम’ के लिए ममूटी को बेस्ट एक्टर का सम्मान मिला है.
अनंत नाग को मिलेगा दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड
समारोह का एक बड़ा आकर्षण दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को दिया जाने वाला दादासाहेब फाल्के पुरस्कार है. उन्हें भारतीय सिनेमा में लंबे योगदान के लिए 2024 का यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है.
भारतीय सिनेमा के लिए खास शाम
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में वर्ष 2024 की भारतीय फिल्मों और कलाकारों की उपलब्धियों को सम्मानित किया जा रहा है अलग-अलग भाषाओं और क्षेत्रों से जुड़े कलाकारों की मौजूदगी इस समारोह को भारतीय सिनेमा की विविधता का मंच बना रही है.