Night Cream : स्किन की देखभाल के लिए रात का समय काफी अहम माना जाता है। इसी वजह से बाजार में कई तरह की नाइट क्रीम और जेल उपलब्ध हैं। हालांकि, अगर आप घर पर बने आसान स्किनकेयर उपाय आजमाना चाहती हैं, तो अपराजिता के फूल और अलसी से तैयार जेल एक विकल्प हो सकता है। इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत भी नहीं पड़ती.
अपराजिता के फूलों का करें इस्तेमाल
अपराजिता के नीले फूल देखने में जितने खूबसूरत होते हैं, उतने ही इन्हें कई घरेलू नुस्खों में भी इस्तेमाल किया जाता है। होममेड नाइट जेल बनाने के लिए सबसे पहले कुछ साफ अपराजिता के फूल लें। इन्हें पानी से अच्छी तरह धोकर एक बर्तन में डालें और पानी के साथ कुछ देर उबालें। इसके बाद पानी को छानकर अलग रख लें.
अलसी से तैयार होगा जेल जैसा टेक्सचर
अब एक दूसरे बर्तन में अलसी और पानी डालकर धीमी आंच पर पकाएं। कुछ देर बाद पानी थोड़ा गाढ़ा और जेल जैसा होने लगेगा। इसे गैस से उतारकर ठंडा होने दें और फिर साफ कपड़े या महीन छलनी से छान लें। तैयार अलसी जेल को अपराजिता के पानी के साथ मिलाया जा सकता है.
रात में चेहरे पर ऐसे लगाएं
चेहरा साफ करने के बाद इस होममेड जेल की थोड़ी मात्रा त्वचा पर लगाएं. इसे हल्के हाथों से फैलाकर कुछ समय के लिए छोड़ दें। अगर आपकी त्वचा को यह सूट करता है, तो इसे रात के स्किनकेयर रूटीन में शामिल किया जा सकता है.
इस्तेमाल से पहले करें पैच टेस्ट
घरेलू चीजें हर व्यक्ति की त्वचा पर एक जैसा असर नहीं करतीं। इसलिए पहली बार इस्तेमाल करने से पहले हाथ या कान के पीछे थोड़ी मात्रा लगाकर पैच टेस्ट जरूर करें। जलन, लालिमा या खुजली होने पर इसका इस्तेमाल बंद कर दें। झुर्रियों और ढीली त्वचा के लिए किसी घरेलू जेल को स्थायी इलाज मानने के बजाय सनस्क्रीन, मॉइस्चराइजर और संतुलित स्किनकेयर रूटीन पर भी ध्यान देना जरूरी है.