श्रीनगर के नौगाम थाने में देर रात हुए भीषण धमाके ने पूरे घाटी में हलचल मचा दी है। फरीदाबाद से बरामद विस्फोटक के नमूने जांच के दौरान अचानक फट गए, जिससे बड़ा हादसा हो गया। इस ब्लास्ट में जांच टीम के कई सदस्य और राजस्व विभाग के अधिकारी भी जान गंवा बैठे। शनिवार को गृह मंत्रालय और जम्मू-कश्मीर के DGP नलिन प्रभात ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना से जुड़ी पूरी जानकारी साझा की।
घटना कैसे हुई, DGP ने बताया पूरा क्रम
नौगाम थाने में दर्ज एक एफआईआर की जांच के दौरान पुलिस ने 9 और 10 नवंबर को भारी मात्रा में विस्फोटक, रसायन और कई रीजेंट बरामद किए थे। ये सभी सामग्री थाने के खुले क्षेत्र में सुरक्षित रूप से रखी गई थीं। डीजीपी के अनुसार, बरामद सामग्री की मात्रा और तकनीकी प्रकृति को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम पिछले दो दिन से मौके पर ही नमूने तैयार कर रही थी। शुक्रवार देर रात करीब 11.20 बजे अचानक एक बड़ा धमाका हुआ। यह विस्फोट इतना तेज था कि आसपास की इमारतें भी हिल गईं।
#WATCH | Blast near Nowgam Police Station in J&K last night | Srinagar | J&K DGP Nalin Prabhat says, "During the investigation in FIR 162 of 2025 of PS Nowgam, a huge quantity of explosive substances, chemicals and regents were also recovered from Faridabad on 9th and 10th of… pic.twitter.com/Xs55Nve64t
— ANI (@ANI) November 15, 2025
9 लोगों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल
डीजीपी ने बताया कि हादसे में कुल 9 लोगों की जान चली गई, जिनमें एसआईए का एक कर्मचारी, एफएसएल टीम के तीन सदस्य, दो क्राइम सीन फोटोग्राफर, दो राजस्व अधिकारी और एक स्थानीय दर्जी शामिल है। इसके अलावा 27 पुलिसकर्मी, दो राजस्व अधिकारी और तीन स्थानीय नागरिक घायल हुए हैं। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
गृह मंत्रालय ने आतंकवादी कोण को किया खारिज
गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इस धमाके में कोई आतंकी एंगल नहीं है। उनके अनुसार, फरीदाबाद से जब्त विस्फोटक को फॉरेंसिक जांच के लिए थाने में रखा गया था और नमूना लेते समय यह हादसा हुआ। मंत्रालय ने कहा कि नौगाम पुलिस ने पहले ही "डॉक्टर मॉड्यूल" का खुलासा किया था और उसी की बरामदगी की जांच के दौरान यह विस्फोट हुआ।
नौगाम थाना और आसपास की इमारतों को भारी नुकसान
धमाके में नौगाम पुलिस स्टेशन की इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कई आसपास की इमारतें, दुकानें और घर भी ब्लास्ट की चपेट में आए। डीजीपी ने कहा कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और हादसे के सभी तकनीकी कारणों की गहन जांच होगी। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।