Satna Navodaya Vidyalaya Protest: मध्य प्रदेश के सतना जिले के रहिकवारा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में हालात बिगड़ गए, जब 500 से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने बिजली और पानी की किल्लत से परेशान होकर सामूहिक विरोध शुरू कर दिया। तीन दिनों से जारी संकट के बीच छात्रों ने खाना-पीना छोड़ दिया और खुद को हॉस्टल में लॉक कर लिया। उनकी एक ही मांग थी कि कलेक्टर मौके पर आकर समस्या का समाधान करें।
बिजली-पानी की किल्लत बनी वजह
विद्यालय परिसर में सभी बोरवेल सूख चुके हैं और मोटर खराब होने के कारण पानी की आपूर्ति ठप हो गई। अब 3 किलोमीटर दूर से टैंकरों के जरिए पानी लाया जा रहा है, लेकिन जरूरत के अनुसार आपूर्ति नहीं हो पा रही। वहीं, बिजली की अनियमित आपूर्ति ने परेशानी और बढ़ा दी।
छात्रों ने रखीं कई मांगें
कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने कलेक्टर को पत्र लिखकर अपनी समस्याएं गिनाईं। इसमें रसायन शास्त्र के शिक्षक की कमी, तीन साल से वितरित न हुए टैब, यूनिफॉर्म की आपूर्ति न होना और प्रतिदिन की गतिविधियों का अभाव जैसी बातें शामिल हैं। कैटरिंग इंचार्ज की मीटिंग समय पर न होने और खाने की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए।
प्रशासन की दखल के बाद खत्म हुआ विरोध
स्थिति गंभीर होती देख प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम, एसडीओपी और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।