
Navratri Special : नवरात्रि का पावन पर्व देवी माँ की भक्ति और श्रद्धा से भरा होता है. इस अवसर पर कन्या पूजन एक विशेष धार्मिक परंपरा है, जिसमें नौ कन्याओं को भोजन कराकर उनका आशीर्वाद लिया जाता है। इस पूजा में सूजी का हलवा, चने और पूरी का भोग अति महत्वपूर्ण माना जाता है। खासकर हलवा ऐसा होना चाहिए कि उसका स्वाद बच्चों के दिल को छू जाए और वे बार-बार खाने की फरमाइश करें। आज हम आपको बता रहे हैं एक ऐसी झटपट बनने वाली सूजी के हलवे की रेसिपी, जो स्वाद में लाजवाब और एकदम मुंह में घुलने वाला होता है.
सामग्री:
(4-5 कन्याओं के पूजन के लिए पर्याप्त)
सूजी (रवा) – 1 कप
देसी घी – ½ कप
चीनी – ¾ कप (स्वादानुसार)
पानी – 2 कप
इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
किशमिश – 1 बड़ा चम्मच
काजू-बादाम – 2-3 बड़े चम्मच (कटे हुए)
विधि:
1. सबसे पहले एक भारी तले की कढ़ाही में देसी घी गरम करें.
2. अब उसमें सूजी डालकर मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। सूजी का रंग हल्का सुनहरा होते ही उसमें से खुशबू आने लगेगी.
3. एक दूसरी भगौनी में पानी गरम करें और उसमें चीनी डालकर घोल तैयार कर लें.
4. जब सूजी अच्छे से भून जाए, तब उसमें धीरे-धीरे मीठा पानी डालें और ध्यान रखें कि उस समय आंच धीमी हो ताकि छींटे न पड़ें.
5. अब हलवे को लगातार चलाते रहें ताकि गांठें न पड़ें और वह अच्छे से पक जाए.
6. जब पानी सूखने लगे और हलवा घी छोड़ने लगे, तब उसमें इलायची पाउडर, किशमिश और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालें.
7. एक-दो मिनट तक और पकाएं, फिर गैस बंद कर दें.
सर्विंग टिप्स:
गरम-गरम हलवा पूरी और काले चने के साथ परोसें. चाहें तो हलवे को मनचाहे सांचे में जमाकर भी सर्व किया जा सकता है. बच्चों के लिए आप इसमें थोड़ा सा केसर या फूड कलर भी डाल सकते हैं ताकि रंग और स्वाद दोनों निखरें. इस नवरात्रि, अपने हाथों से बना ये स्वादिष्ट और पारंपरिक सूजी का हलवा कन्याओं को खिलाइए और उनका आशीर्वाद पाइए। यह रेसिपी इतनी आसान और टेस्टी है कि बच्चे तो क्या, बड़े भी इसे देखकर खुद को रोक नहीं पाएंगे। तो देर किस बात की? इस नवरात्रि बनाएँ ऐसा हलवा जो सबके दिलों में मिठास घोल दे.