Fuel Price Today India: देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में तेजी के बीच निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने अपने पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। कंपनी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है। नई दरें 3 अक्टूबर से लागू हो गई हैं। हालांकि, सरकारी तेल कंपनियों के पेट्रोल पंपों पर 5 अक्टूबर को कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। ऐसे में नायरा एनर्जी और सरकारी तेल कंपनियों के पंपों पर एक ही शहर में ईंधन की कीमतों में अंतर देखने को मिल सकता है।
5 अक्टूबर को सरकारी कंपनियों के पेट्रोल-डीजल के रेट
राजधानी दिल्ली में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसे सरकारी तेल विक्रेताओं के पंपों पर पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर के आसपास है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत करीब 111.31 रुपये और डीजल 97.97 रुपये प्रति लीटर बताई गई है। शहरों में ईंधन की कीमत अलग-अलग होने की वजह स्थानीय टैक्स, वैट और अन्य शुल्क हैं। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमत और रुपये की डॉलर के मुकाबले स्थिति भी ईंधन की लागत को प्रभावित करती है।
अलग-अलग शहरों में कितना है पेट्रोल-डीजल?
शहर पेट्रोल (₹/लीटर) डीजल (₹/लीटर)
दिल्ली 102.12 95.20
मुंबई 111.31 97.97
तिरुवनंतपुरम 115.49 104.40
चेन्नई 107.78 99.56
जयपुर 113.19 98.25
पटना 113.35 99.36
हैदराबाद 115.69 103.82
चंडीगढ़ 98.10 86.09
मेरठ 101.44 94.91
इन आंकड़ों पर नजर डालें तो सूची में चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कीमत सबसे कम दिखाई दे रही है। वहीं हैदराबाद और तिरुवनंतपुरम में दोनों ईंधनों के दाम अपेक्षाकृत अधिक हैं।
नायरा एनर्जी ने क्यों बढ़ाए दाम?
नायरा एनर्जी ने 3 अक्टूबर से अपने देशभर के रिटेल नेटवर्क पर पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा किया है। कंपनी के करीब 7,108 पेट्रोल पंपों पर यह बदलाव लागू हुआ है। इस फैसले के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और रिफाइंड ईंधन की बढ़ी हुई कीमतों को प्रमुख वजह माना जा रहा है। वैश्विक स्तर पर ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ने से निजी ईंधन विक्रेताओं की लागत और रिटेल मार्जिन पर दबाव बढ़ा है। नायरा की यह बढ़ोतरी इसी अंतर को कम करने की कोशिश के तौर पर देखी जा रही है।
सरकारी पंपों और नायरा के रेट में अंतर
नायरा की बढ़ोतरी के बाद निजी और सरकारी पेट्रोल पंपों के बीच कीमत का अंतर और स्पष्ट हो गया है। उदाहरण के लिए, दिल्ली में सरकारी तेल कंपनियों के पंप पर पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर है, जबकि नायरा के आउटलेट पर यह 107.12 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। इसी तरह डीजल की कीमत सरकारी पंप पर 95.20 रुपये और नायरा आउटलेट पर 98.20 रुपये प्रति लीटर बताई गई है।