NCPI MP makes a bold claim: ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस छोड़कर नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी ऑफ इंडिया में शामिल हुए सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने पार्टी के दूसरे सांसदों को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि NCPI के 20 में से 17 सांसद दुर्गा पूजा से पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तीन अल्पसंख्यक सांसद इस संभावित बदलाव में शामिल नहीं होंगे। बसुनिया के इस बयान के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर दल-बदल को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
17 सांसदों के BJP में जाने का दावा
एक रिपोर्ट के अनुसार बसुनिया ने दावा किया कि अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो NCPI के 20 में से 17 सांसद दुर्गा पूजा से पहले BJP का दामन थाम सकते हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने ही उन्हें NCPI में आने में मदद की थी, जबकि उनकी इच्छा पहले से ही बीजेपी में शामिल होने की थी। हालांकि, यह उनका दावा है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
तीन अल्पसंख्यक सांसदों को लेकर अलग बात
बसुनिया ने सांसद अबू ताहिर और खलीलुर रहमान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन सांसदों को अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी दी जा सकती है और वे NDA का समर्थन भी करेंगे। उनके मुताबिक, इन सांसदों के निर्वाचन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक आबादी है, इसलिए उनके लिए सीधे बीजेपी में शामिल होना राजनीतिक रूप से मुश्किल हो सकता है। बसुनिया ने ऐसे कदम से उनके सामने आने वाली संभावित परेशानियों का भी जिक्र किया।
यह भी देखेंःगैस हुई महंगी, क्या बढ़ेंगे सिलेंडर के दाम? भारत पर कितना पड़ेगा असर
घर लौटते ही सिताई में बढ़ा तनाव
कूचबिहार से सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच अपने घर लौटे। उनके पहुंचने की खबर के बाद सिताई इलाके में राजनीतिक तनाव बढ़ गया। इसके बाद सिताई बस स्टैंड के पास स्थित TMC कार्यालय में कथित तोड़फोड़ और आगजनी की घटना सामने आई। कुछ स्थानीय लोगों और बीजेपी समर्थकों के एक समूह ने सांसद के घर के बाहर पहुंचकर विरोध भी किया।
प्रदर्शनकारियों ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
प्रदर्शनकारियों ने बसुनिया पर पिछले 15 वर्षों के दौरान राजनीतिक प्रभाव का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल कर संपत्ति बनाने के आरोप लगाए। उनके खिलाफ राइस मिल समेत कई कारोबारी प्रतिष्ठान खड़े करने के आरोप भी लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने उनके राजनीतिक सफर पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वह पहले फॉरवर्ड ब्लॉक में रहे, फिर TMC में गए और अब बीजेपी में जाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बसुनिया या उनके समर्थकों को बीजेपी में स्वीकार नहीं किया जाएगा। इन घटनाओं के बाद सिताई में राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।