NCR Medical College: एनसीआर मेडिकल कालेज एंड रिसर्च सेंटर का नाम फर्जी दस्तावेज, नकली मरीज और गेस्ट फैकल्टी के आधार पर सीटें बढ़ाने के आरोप में उजागर हुआ है। सीबीआई टीम ने कालेज की असिस्टेंट मैनेजिंग डायरेक्टर डा. शिवानी अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सीबीआई ने डा. शिवानी अग्रवाल के मोबाइल को भी जब्त कर लिया है। डा. शिवानी अग्रवाल के मोबाइल से काफी सूबूत मिले हैं।
मोबाइल को किया जब्त
बता दें कि सीबीआई ने डा. शिवानी अग्रवाल के मोबाइल को भी जब्त कर लिया है। इनके फोन से सीबीआई को काफी सूबूत मिले हैं। सीबीआई ने मोबाइल फोन को फोरेसिंक एक्सपर्ट की निगरानी में खुलवाया है। डा. शिवानी की काल डिटेल से पता लगा था कि टीम के सदस्यों से उनकी बातचीत होती थी। वहीं, डा. शिवानी की बहन हिमानी अग्रवाल ने बताया कि उनके यहां 150 सीटें सुरक्षित हैं। 50 सीटें बढ़ाने के लिए आवेदन किया था, जो अभी तक नहीं बढ़ी हैं।
"कालेज के बारे में अफवाहें उड़ाई जा रही"
एनसीआर मेडिकल कालेज के चेयरमैन डा. ओमप्रकाश गुप्ता, प्रेसिडेंट डा. सरोजिनी अग्रवाल, पीईओ डा. हिमानी अग्रवाल, डायरेक्टर जनरल एवं नोडल डा. अश्वनी शर्मा से भी सीबीआई टीम जल्द पूछताछ करेगी। वहीं, इस सिलसिले में एनसीआर मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. एसके गर्ग का कहना है कि कालेज के बारे में अफवाहें उड़ाई जा रही हैं। जीरो ईयर होने की अभी कोई सूचना नहीं है। एनएमसी की तरफ से भी कोई नोटिस नहीं मिला है।
आवेदन रद्द करने की प्रक्रिया शुरू
सीबीआई के इस मुकदमें के बाद राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) ने प्रेस बयान जारी करके सीबीआइ की जांच के चलते आरोपित चार मूल्यांकनकर्ताओं को काली सूची में डाल दिया है। वहीं, आरोपित छह मेडिकल कालेजों में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जीरो ईयर घोषित कर दिया है। साथ ही स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में सीटों की वृद्धि और नए पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए प्राप्त आवेदन रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वैसे अभी एनएमसी ने जीरो ईयर घोषित किये गए छह मेडिकल कालेज के नाम स्पष्ट नहीं किए हैं।