Maharashtra Rajya Sabha Elections: महाराष्ट्र से राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए एनडीए ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में चार नेताओं को मैदान में उतारा गया है। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की स्वीकृति के बाद इन नामों का औपचारिक ऐलान किया गया। घोषित उम्मीदवारों में रामदास आठवले, विनोद तावड़े, माया चिंतामण ईवनाते और रामराव वडकुले शामिल हैं। पार्टी की ओर से इसे संगठनात्मक संतुलन और राजनीतिक रणनीति के तहत लिया गया निर्णय बताया गया है।
चार चेहरों पर भरोसा
भारतीय जनता पार्टी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी कि महाराष्ट्र में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए चार नामों को अंतिम रूप दिया गया है। इनमें रामदास आठवले और विनोद तावड़े जैसे अनुभवी नेताओं को शामिल किया गया है। साथ ही माया चिंतामण ईवनाते और रामराव वडकुले को भी उम्मीदवार बनाया गया है।
रणनीतिक संकेत
विनोद तावड़े वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हैं और संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्हें महाराष्ट्र की उन सीटों में से एक पर उम्मीदवार बनाया गया है, जिनका कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है। उनके नाम की घोषणा को पार्टी की रणनीतिक तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।
यह भी देखेंःFestival Of Colours: रंगों के पावन पर्व पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का देशवासियों के नाम विशेष संदेश
कई दिग्गज मैदान में
भाजपा ने महाराष्ट्र के अलावा अन्य राज्यों के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की है। बिहार, असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा और ओडिशा से कई नेताओं को मैदान में उतारा गया है। हरियाणा से संजय भाटिया को उम्मीदवार बनाया गया है, जिन्हें संगठन के करीबी और अनुभवी नेता के रूप में देखा जाता है।
16 मार्च को मतदान
राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान 16 मार्च को प्रस्तावित है। पार्टी नेतृत्व ने चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन किया गया है, जिससे आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके।