NDMC Announces 50% Discount: नई दिल्ली नगरपालिका परिषद यानी NDMC की काउंसिल बैठक में नागरिक सुविधाओं और शहरी बुनियादी ढांचे से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इनमें इलेक्ट्रिक वाहनों को NDMC की पार्किंग सुविधाओं में शुल्क पर 50 प्रतिशत छूट देने का फैसला प्रमुख है। इसके अलावा कनॉट प्लेस में खराब पड़े सात एस्केलेटर बदले जाएंगे, जबकि अंधेरे वाले इलाकों यानी डार्क स्पॉट को खत्म करने के लिए 18.26 करोड़ रुपये की लागत से नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। सरोजिनी नगर में 50 बेड के आयुष अस्पताल और रिसर्च सेंटर की स्थापना को भी मंजूरी मिली है।
EV चालकों को पार्किंग में 50% राहत
NDMC के फैसले के मुताबिक, परिषद की ओर से संचालित पार्किंग स्थलों पर इलेक्ट्रिक वाहनों को पार्किंग शुल्क में आधी छूट मिलेगी। इसके साथ ही स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की तैयारी भी है, जिसके तहत वाहन चालकों को डिजिटल माध्यम से खाली पार्किंग की जानकारी उपलब्ध कराने की योजना है। NDMC ने नए वाहनों की खरीद में इलेक्ट्रिक वाहनों को प्राथमिकता देने से जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।
डार्क स्पॉट पर लगेंगी नई स्ट्रीट लाइटें
NDMC क्षेत्र में कम रोशनी वाले स्थानों को खत्म करने के लिए 18.26 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है। इसके तहत अलग-अलग स्थानों पर नई ऑक्टागोनल स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। करीब 6 से 11 मीटर ऊंचाई वाले पोल, अंडरग्राउंड केबल और अन्य जरूरी विद्युत ढांचे का काम किया जाएगा। इसके अलावा कनॉट प्लेस के आसपास खराब एस्केलेटरों को भी बदलने की योजना स्वीकृत की गई है।
यह भी देखेंःटीएमसी नाम और चुनाव चिन्ह विवाद पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, चुनाव आयोग से मांगी समय-सीमा
सरोजिनी नगर में 50 बेड का आयुष अस्पताल
स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने के लिए सरोजिनी नगर में 50 बेड वाले आयुष अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर को मंजूरी दी गई है। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 55 करोड़ रुपये है और इसे NDMC तथा केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के बीच लागत साझेदारी के आधार पर विकसित करने की योजना है। अस्पताल में आयुर्वेद, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी जैसी चिकित्सा पद्धतियों से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।
पानी और सीवर व्यवस्था में भी होगा सुधार
बैठक में पानी और सीवर नेटवर्क से जुड़े कई प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली। ओल्ड आरके आश्रम मार्ग पर नया वाटर सप्लाई कंट्रोल रूम बनाने और पंडारा रोड तक पुरानी कास्ट आयरन पाइपलाइनों को डक्टाइल आयरन पाइप से बदलने की योजना है। सी-हेक्सागन से लोधी रोड, जाकिर हुसैन मार्ग, गोल्फ कोर्स और सुब्रमण्यम भारती मार्ग तक पुराने सीवर नेटवर्क की सफाई और मरम्मत भी की जाएगी। इसके अलावा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट बायलॉज-2026 के मसौदे, स्मार्ट बिजली मीटर और पानी के पुराने बिलों पर लेट पेमेंट सरचार्ज में एकमुश्त राहत जैसे प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई है।