Under-19 Cricket : भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी अंडर-19 टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में भारतीय मूल के युवा बल्लेबाज नील पटेल को भी शामिल किया गया है। टीम में जगह मिलने के बाद नील पटेल चर्चा का विषय बन गए हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अंडर-19 सीरीज 13 सितंबर से शुरू होगी, जिसमें दोनों टीमों के बीच सीमित ओवरों और लाल गेंद दोनों प्रारूपों में मुकाबले खेले जाएंगे।
कौन हैं नील पटेल?
नील पटेल मौजूदा समय में न्यू साउथ वेल्स के लिए ओपनिंग बल्लेबाजी करते हैं। कम उम्र में ही उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से क्रिकेट विशेषज्ञों का ध्यान खींचा है। यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू साउथ वेल्स क्रिकेट क्लब की ओर से खेलते हुए उन्होंने महज 16 साल की उम्र में ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जिसने उन्हें ऑस्ट्रेलिया के उभरते सितारों की सूची में शामिल कर दिया।
16 साल में रच दिया इतिहास
नील पटेल ने सिडनी प्रीमियर क्रिकेट के फर्स्ट ग्रेड स्तर पर एक कैलेंडर वर्ष में 1,000 से ज्यादा रन बनाकर इतिहास रच दिया। इतनी कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों में उनका नाम शामिल हो गया। लगातार रन बनाने की उनकी क्षमता ने चयनकर्ताओं का भरोसा भी मजबूत किया।
फर्स्ट ग्रेड क्रिकेट में भी दिखाया दम
हाल ही में नील पटेल ने फर्स्ट ग्रेड क्रिकेट में अपना पहला शतक भी लगाया। उनकी सबसे बड़ी ताकत नई गेंद का मजबूती से सामना करना और लंबी पारी खेलना मानी जाती है। बल्लेबाजी के अलावा वह जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी से भी टीम के लिए योगदान देते हैं। शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अंडर-19 टैलेंट कैंप में भी चुना गया था।
इसे भी पढ़ें : Wrestling Controversy बृजभूषण बरी होते ही भड़कीं Vinesh Phogat, बोलीं- सिस्टम बचाने में लगा था, अब हाईकोर्ट में होगी नई लड़ाई
भारत के खिलाफ खुद को साबित करने का मौका
अब नील पटेल के सामने भारत के खिलाफ अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर होगा। ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम में चयन उनके करियर का अहम पड़ाव माना जा रहा है। भारतीय मूल के इस युवा खिलाड़ी पर दोनों देशों के क्रिकेट प्रशंसकों की नजर रहेगी कि वह इस दौरे पर अपने प्रदर्शन से कितनी बड़ी छाप छोड़ पाते हैं।