
भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। टोक्यो में चल रही वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बुधवार को क्वालिफाइंग राउंड में उन्होंने अपने पहले ही थ्रो में 84.85 मीटर दूरी तक भाला फेंककर फाइनल में जगह बना ली। क्वालिफिकेशन मार्क 84.50 मीटर था, जिसे नीरज ने आसानी से पार कर लिया। दिलचस्प बात यह रही कि उनके अलावा कोई भी एथलीट पहले ही प्रयास में सीधे फाइनल में जगह नहीं बना सका।
नीरज की बादशाहत पर नज़रें
अब गुरुवार को होने वाले फाइनल में नीरज चोपड़ा अपनी बादशाहत बचाने उतरेंगे। यह मुकाबला और भी रोमांचक होगा क्योंकि उनके सामने पाकिस्तान के अरशद नदीम होंगे। पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद यह पहली बार है जब दोनों दिग्गज एक ही मंच पर आमने-सामने होंगे। पेरिस ओलंपिक में अरशद नदीम ने 92.97 मीटर का अद्भुत थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता था, जबकि नीरज 89.45 मीटर के साथ रजत पर रुके थे। इस बार भारतीय फैंस उम्मीद लगाए बैठे हैं कि नीरज अपने पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वी को पछाड़कर स्वर्ण जीतेंगे।
कौन भारी पड़ेगा?
नीरज चोपड़ा का रिकॉर्ड खुद बयां करता है। 2023 में उन्होंने हंगरी में वर्ल्ड चैंपियनशिप में 88.17 मीटर के थ्रो से गोल्ड जीता था। वहीं, अरशद नदीम फिलहाल डिफेंडिंग ओलंपिक चैंपियन हैं। ऐसे में मुकाबला कांटे का होगा और यह देखना दिलचस्प होगा कि इस बार किसके हाथ सोना लगता है।
इसे भी पढ़ें : ICC की ताज़ा T20 रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा, Varun ने रचा इतिहास, Kuldeep और Abhishek भी चमके
क्या फिर दिखेगा “नो हैंडशेक” विवाद?
भारत-पाक के बीच हर मुकाबले में खेल के साथ राजनीति और तनाव की झलक भी देखने को मिलती है। हाल ही में एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी टीम से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था। अब सबकी नज़रें इस बात पर भी होंगी कि क्या फाइनल में नीरज और अरशद एक-दूसरे से हाथ मिलाते हैं या नहीं।
भारतीय उम्मीदें चरम पर
नीरज चोपड़ा का आत्मविश्वास और फॉर्म दोनों ही शानदार हैं। क्वालिफिकेशन में जिस सहजता से उन्होंने पहला ही थ्रो सफल किया, उससे साफ है कि वह फाइनल में बड़ा धमाका करने को तैयार हैं। पूरा देश इस ऐतिहासिक भिड़ंत का गवाह बनने का इंतजार कर रहा है। गुरुवार को यह सिर्फ दो खिलाड़ियों की भिड़ंत नहीं होगी, बल्कि यह भारत और पाकिस्तान के खेल इतिहास में एक और यादगार अध्याय जुड़ने जैसा होगा।