Neeru Dhanda Asian Games Gold : एशियन गेम्स 2026 से भारत के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय महिला शूटर नीरू ढांडा ने ट्रैप इंडिविजुअल इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ उन्होंने सिर्फ भारत की झोली में स्वर्ण पदक ही नहीं डाला बल्कि अपना नाम भी इतिहास के पन्नों में दर्ज करा लिया। नीरू एशियन गेम्स में ट्रैप या स्कीट के किसी भी व्यक्तिगत इवेंट में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर बन गई हैं।
फाइनल में दिखाया दमदार खेल
फाइनल मुकाबले में नीरू ढांडा ने शुरुआत से ही शानदार लय दिखाई। आठ खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबले में उन्होंने लगातार सटीक निशाने लगाए और दबाव के बावजूद अपना प्रदर्शन बनाए रखा। क्वालिफिकेशन दौर में उन्होंने कतर की खिलाड़ी के साथ 118 अंक हासिल किए जो एशियन गेम्स का नया रिकॉर्ड भी बना। इसके बाद फाइनल में पहुंचकर उन्होंने अपने अनुभव और आत्मविश्वास का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
चीन की चुनौती को किया पीछे
फाइनल में नीरू का मुकाबला चीन की सन युनोंग समेत कई मजबूत खिलाड़ियों से था। लेकिन भारतीय शूटर ने किसी भी मौके पर दबाव को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। नीरू ने 28 अंकों का शानदार स्कोर बनाया जबकि चीन की सन युनोंग 26 अंकों पर रहीं और उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। वहीं हजर अब्दुलमलिक ने 21 अंक हासिल कर ब्रॉन्ज मेडल जीता। नीरू के इस प्रदर्शन ने भारतीय दल को जश्न मनाने का बड़ा मौका दिया।
टीम इवेंट में भी दिलाया पदक
नीरू ढांडा का यह एशियन गेम्स में दूसरा बड़ा पदक है। इससे पहले उन्होंने वुमेंस ट्रैप टीम इवेंट में भी भारत को सिल्वर मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। टीम प्रतियोगिता में उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन ने भारत को पोडियम तक पहुंचाया था। यही वजह है कि एशियन गेम्स में नीरू का नाम भारतीय शूटिंग टीम की सबसे बड़ी सितारों में शामिल हो गया है।
वर्ल्ड कप से एशियन गेम्स तक शानदार सफर
हरियाणा की 26 वर्षीय नीरू ढांडा पिछले कुछ समय से शानदार फॉर्म में चल रही हैं। जुलाई 2026 में इटली में आयोजित शॉटगन वर्ल्ड कप में भी उन्होंने गोल्ड मेडल जीता था। उस प्रतियोगिता में उन्होंने एशिया का पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया था। लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छे प्रदर्शन के बाद अब एशियन गेम्स का गोल्ड उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल हो गया है।
इसे भी पढ़ें : Neeraj के बिना भी इंडिया का जलवा, Yashvir-Rohit ने जीते दो मेडल, Arshad Nadeem रह गए पीछे
भारत के लिए बना गर्व का पल
नीरू ढांडा की यह जीत भारतीय शूटिंग के लिए बेहद खास मानी जा रही है। लंबे समय से जिस उपलब्धि का इंतजार था वह अब पूरा हो गया है। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि भारतीय महिला खिलाड़ी अब हर बड़े मंच पर इतिहास रचने की क्षमता रखती हैं। एशियन गेम्स 2026 में भारत के पांचवें गोल्ड मेडल के साथ नीरू ढांडा पूरे देश के लिए गर्व का कारण बन गई हैं।