NEET-PG 2026: मेडिकल के क्षेत्र में पोस्ट ग्रेजुएशन (MD/MS) करने की इच्छा रखने वाले डॉक्टरों का इंतजार खत्म हो गया है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने NEET-PG 2026 की परीक्षा तारीखों की घोषणा कर दी है। इस बार यह परीक्षा 30 अगस्त 2026 को पूरे देश में कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी।
1 जुलाई से शुरू हो चुकी है आवेदन प्रक्रिया
आपको बता दें कि NEET-PG 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की शुरुआत 1 जुलाई 2026 से हो गई है। उम्मीदवार 21 जुलाई 2026 की रात 11:55 बजे तक अपना फॉर्म भर सकते हैं। आखिरी समय में वेबसाइट पर ज्यादा ट्रैफिक की संभावना रहती है, इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आखिरी समय में वेबसाइट पर होने वाली भारी भीड़ से बचने के लिए समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें।
कब क्या होगा?
बता दें कि ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत 1 जुलाई शाम 5 बजे से हो रही है, जो कि 21 जुलाई 2026 (रात 11:55 बजे तक) चलेगी। वहीं एग्जाम सिटी स्लिप 11 अगस्त को जारी किया जाएगा। इससे अभ्यर्थियों को यात्रा और ठहरने की योजना बनाने के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा। परीक्षा 30 अगस्त को आयोजित की जाएगी। वहीं परीक्षा के नतीजे 30 सितंबर तक घोषित किए जा सकते हैं। जिसके बाद काउंसलिंग शुरू होगी।
कौन दे सकता है नीट पीजी परीक्षा
एमबीबीएस (MBBS) की पढ़ाई पूरी करने के बाद जो छात्र एमडी (MD), एमएस (MS) या पीजी डिप्लोमा कोर्स करना चाहते हैं, उन्हें इस परीक्षा को पास करना अनिवार्य होता है। देश के सभी सरकारी, प्राइवेट और डीम्ड मेडिकल कॉलेजों में पीजी कोर्सेज में दाखिले के लिए यह एकमात्र परीक्षा है। यानी अलग-अलग राज्यों या निजी मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन के लिए अलग परीक्षा देने की जरूरत नहीं होती।
यह भी पढ़ें: NEET UG फीस रिफंड का आखिरी मौका, NTA ने बैंक डिटेल अपडेट करने की अंतिम तारीख बढ़ाई
क्या होनी चाहिए योग्यता
इस परीक्षा को देने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से MBBS की डिग्री या प्रोविजनल सर्टिफिकेट होना चाहिए। साथ ही उम्मीदवार का नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC), पूर्व MCI या स्टेट मेडिकल काउंसिल में स्थायी या अस्थायी रजिस्ट्रेशन होना जरूरी है।
आवेदन कैसे करें?
1. सबसे पहले NBEMS की ऑफिशियल वेबसाइट पर विजिट करें।
2. "NEET PG 2026" या "Application Link" पर क्लिक करें।
3. अब "New Registration" पर क्लिक करें।
4. यूजर आईडी (User ID) और पासवर्ड से लॉगिन करें।
5. आवेदन फॉर्म में मांगी गई अपनी सभी डिटेल्स को सही-सही भरें।
6. परीक्षा की निर्धारित फीस ऑनलाइन जमा करें और फॉर्म सबमिट कर दें।