NEET-UG 2026: NEET-UG 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर परीक्षार्थियों को यूपी रोडवेज बसों में यात्रा के दौरान किराए में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इससे दूरदराज के क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले हजारों छात्रों को लाभ मिलेगा।
प्रवेश पत्र दिखाने पर मिलेगी सुविधा
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने इस संबंध में सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। छात्रों को बस में यात्रा के दौरान अपना प्रवेश पत्र दिखाना होगा। इसके आधार पर उन्हें आधे किराए पर टिकट जारी किया जाएगा।
20 और 21 जून को लागू रहेगी व्यवस्था
परिवहन विभाग के अनुसार यह विशेष सुविधा 20 जून और 21 जून 2026 को उपलब्ध रहेगी। NEET-UG परीक्षा 21 जून को आयोजित होनी है, इसलिए परीक्षा केंद्र तक आने-जाने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा में आर्थिक राहत देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
यह भी देखेंः2027 चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा मंथन, पंजाब में बदल सकता है नेतृत्व
टिकट जारी करने के लिए विशेष निर्देश
परिवहन निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रवेश पत्र का सत्यापन करने के बाद रियायती टिकट जारी किए जाएं। यदि किसी कारणवश इलेक्ट्रॉनिक मशीन से टिकट जारी नहीं हो पाता है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत मैनुअल टिकट भी जारी किया जा सकेगा, ताकि किसी छात्र को परेशानी न हो।
हजारों छात्रों को मिलेगा फायदा
सरकार का मानना है कि इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को विशेष लाभ मिलेगा। परीक्षा के दौरान परिवहन संबंधी दिक्कतें कम होंगी और अभ्यर्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकेंगे। सरकार ने सभी अधिकारियों को व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए हैं।