NEET UG Counselling schedule Released: मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने नीट यूजी 2026 काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। पहले राउंड के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 5 अगस्त से शुरू होंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 12 अगस्त तय की गई है। यह काउंसलिंग 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटा के साथ एमसीसी के अधिकार क्षेत्र वाली एमबीबीएस, बीडीएस और बीएससी नर्सिंग सीटों पर प्रवेश के लिए आयोजित की जाएगी। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपन्न होगी।
चार चरणों में होगी काउंसलिंग
एमसीसी के कार्यक्रम के अनुसार पहले राउंड का सीट आवंटन परिणाम 17 अगस्त को जारी किया जाएगा। दूसरे राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन 25 से 29 अगस्त तक होंगे और परिणाम 2 सितंबर को घोषित होगा। तीसरे राउंड की प्रक्रिया 11 से 15 सितंबर तक चलेगी, जबकि सीट आवंटन 18 सितंबर को होगा। इसके बाद ऑनलाइन स्ट्रे वैकेंसी राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन 28 से 30 सितंबर तक किए जाएंगे।
इन अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
काउंसलिंग में वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे जिन्होंने नीट यूजी 2026 परीक्षा उत्तीर्ण की हो और संबंधित पाठ्यक्रम की पात्रता शर्तें पूरी करते हों। उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। वहीं, राज्य कोटा की सीटों पर प्रवेश चाहने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित राज्य की काउंसलिंग प्रक्रिया में अलग से आवेदन करना होगा।
यह भी देखेंःकुलगाम आतंकी हमला: पहले पहचान पूछी, फिर छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों को मारी गोली, घाटी में बढ़ी सुरक्षा चिंता
ऑनलाइन आवेदन और जरूरी दस्तावेज
रजिस्ट्रेशन के दौरान अभ्यर्थियों को एमसीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर आवेदन करना होगा, काउंसलिंग शुल्क जमा करना होगा और अपनी पसंद के कॉलेज व कोर्स का चयन करना होगा। इसके साथ ही नीट यूजी स्कोर कार्ड, एडमिट कार्ड, 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, पहचान पत्र, पासपोर्ट फोटो, आरक्षण प्रमाण पत्र, डोमिसाइल और अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने होंगे।
चॉइस फिलिंग के बाद होगा सीट आवंटन
रजिस्ट्रेशन के बाद उम्मीदवारों को कॉलेज और कोर्स की प्राथमिकताएं भरने तथा उन्हें लॉक करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद नीट रैंक, आरक्षण नियम, सीटों की उपलब्धता और उम्मीदवारों द्वारा भरे गए विकल्पों के आधार पर सीट आवंटन किया जाएगा। इसलिए अभ्यर्थियों को अपनी पसंद का क्रम सावधानीपूर्वक तय करने की सलाह दी गई है।