Paper Leak Mastermind Arrested: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ा खुलासा करते हुए कथित मास्टरमाइंड पी.वी. कुलकर्णी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसी के अनुसार, कुलकर्णी केमिस्ट्री का लेक्चरर है और NTA की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ा हुआ था। इसी वजह से उसे प्रश्नपत्रों तक पहुंच मिली हुई थी। CBI का दावा है कि उसने इस पहुंच का गलत इस्तेमाल करते हुए परीक्षा से पहले छात्रों तक प्रश्न और उत्तर पहुंचाए। अब तक इस मामले में कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुणे में चलती थी सीक्रेट कोचिंग
CBI जांच में सामने आया है कि अप्रैल 2026 के अंतिम सप्ताह में कुलकर्णी ने अपने नेटवर्क के जरिए कुछ छात्रों को इकट्ठा किया। इस काम में उसकी मदद मनीषा वाघमारे ने की, जिसे पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोप है कि पुणे स्थित अपने घर पर कुलकर्णी ने छात्रों के लिए गुप्त कोचिंग क्लास चलाई, जहां वह सवाल, उनके विकल्प और सही जवाब छात्रों को लिखवाता था। छात्र इन सवालों को अपनी नोटबुक में हाथ से नोट करते थे।
असली पेपर से हूबहू मिले सवाल
जांच एजेंसी के मुताबिक छात्रों की नोटबुक में लिखे गए सवालों और 3 मई 2026 को आयोजित वास्तविक NEET-UG परीक्षा के प्रश्नपत्र का मिलान किया गया। इसमें सवाल और उत्तर पूरी तरह समान पाए गए। इससे CBI को यह साबित करने में अहम सफलता मिली कि पेपर लीक का स्रोत सीधे परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ा व्यक्ति था।
यह भी देखेंःNEET-UG 2026 Paper Leak Case: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI का बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
लाखों रुपये लेकर छात्रों को जोड़ा गया
CBI की शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि इस रैकेट में कई बिचौलिए शामिल थे, जो छात्रों को नेटवर्क से जोड़ते थे। छात्रों से लाखों रुपये लेकर उन्हें इन कथित “स्पेशल क्लासेज” में शामिल कराया जाता था। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क का दायरा कितने राज्यों तक फैला हुआ था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल थे।
कई शहरों में छापेमारी जारी
CBI ने पिछले 24 घंटों में जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर समेत कई शहरों में छापेमारी की है। जांच के दौरान मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। एजेंसी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से पांच को अदालत ने सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जबकि हाल ही में पकड़े गए अन्य आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जा रहा है।